शोहरतगढ़ में बाढ़ पीड़ितों के समर्थन में उतरे मणेन्द्र मिश्रा:तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, बोले-100 एकड़ फसल जलमग्न, तुरंत मिले सरकारी मुआवजा

शोहरतगढ़ में बाढ़ पीड़ितों के समर्थन में उतरे मणेन्द्र मिश्रा:तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, बोले-100 एकड़ फसल जलमग्न, तुरंत मिले सरकारी मुआवजा

समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में बाढ़ पीड़ित किसानों ने शोहरतगढ़ के कार्यवाहक उप जिलाधिकारी (तहसीलदार) माधवेंद्र प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपकर मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने 100 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में जलमग्न होकर नष्ट हुई फसलों के लिए तत्काल सरकारी मुआवजे की मांग की है। सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गेंगटी गांव में बाढ़ और जलभराव से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। मणेन्द्र बोले- 3 साल पहले मिला था मुआवजा, इस बार प्रशासन बेपरवाह ज्ञापन सौंपने के दौरान सपा नेता मणेन्द्र मिश्रा ने प्रशासन की ढिलाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ और जलभराव के कारण गेंगटी और आसपास के गांवों में 100 एकड़ से ज्यादा फसलें पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक स्थानीय प्रशासन की ओर से क्षतिपूर्ति (मुआवजे) की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने याद दिलाया कि करीब तीन वर्ष पूर्व भी जब ऐसी ही बाढ़ की स्थिति पैदा हुई थी, तब शासन-प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित किसानों को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराई थी। ऐसे में इस बार भी किसानों की रिपोर्ट तुरंत लगवाकर उन्हें समुचित मुआवजा दिया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवारों का जीवन पटरी पर लौट सके। पशुओं के चारे और स्वास्थ्य सेवाओं का संकट सपा नेता ने तहसीलदार से वार्ता के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की अन्य प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और निम्नलिखित मांगें रखीं। बाढ़ प्रभावित और जलमग्न गांवों में पशुओं के भुखमरी के संकट को देखते हुए सूखे चारे का तत्काल प्रबंध किया जाए। जलभराव वाले इलाकों में संक्रामक बीमारियों के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा तुरंत मेडिकल कैंप लगाए जाएं। पानी में घिरे (मैरून) गांवों के आवागमन मार्गों को तत्काल प्रभाव से ठीक कराया जाए। बाढ़ प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। कार्यवाहक एसडीएम ने दिया मदद का आश्वासन किसानों की समस्याएं सुनने के बाद कार्यवाहक एसडीएम/तहसीलदार माधवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि बाढ़ प्रभावित फसलों का जल्द से जल्द सर्वे कराकर नियमानुसार राहत और सहायता राशि प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस दौरान पूर्व नगर पंचायत प्रत्याशी गोपाल फौजी, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष शकील शाह, प्रदेश सचिव मो. जावेद खान, जोनल प्रभारी राकेश दुबे, जिला सचिव लवकुश सैनी, मझवन बूथ प्रभारी शफीक, रहमत अली, शहाबुद्दीन, सोमई और संदीप साहनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *