गुरुग्राम में सेक्टर-9 इलाके में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां की विश्वकर्मा कॉलोनी में एक अज्ञात चोर ने दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाया और अलमारी और बेड में रखे करीब डेढ़ लाख रुपए कैश समेत लाखों रुपए के सोने और चांदी के आभूषण समेट कर फरार हो गया। घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित की पत्नी बच्चों के साथ घर की छत पर कपड़े लेने गई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक महज 5 से 7 मिनट के अंदर आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। जब उसकी पत्नी नीचे आई तो उन्हें चोरी का पता चला। जिसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले गए तो आरोपी युवक आता-जाता दिखाई दिया। छत पर गईं थी पत्नी, पीछे से वारदात को दिया अंजाम पुलिस को दी गई शिकायत में विश्वकर्मा कॉलोनी गली नंबर 3 में रहने वाले शिवनारायण ने बताया कि यह घटना शनिवार की शाम करीब 6 बजे की है। उस समय उनकी पत्नी बच्चों को साथ लेकर मकान की छत पर सूखे हुए कपड़े उतारने के लिए गई थीं। सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने नीचे के दरवाजे पर कुंडी लगा दी थी। लेकिन महज कुछ ही मिनटों के भीतर एक अज्ञात शातिर चोर ने मुख्य दरवाजे की कुंडी खोली और चुपके से घर के अंदर दाखिल हो गया। ताला तोड़कर उड़ाए लाखों के जेवरात और नकदी चोर ने बेहद कम समय में घर के अंदर छानबीन की और बेडरूम में रखे बेड और अलमारी को खंगाल डाला। पीड़ित शिवनारायण के मुताबिक, चोर बेड के अंदर रखे 1.50 लाख रुपए नगद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवर चोरी कर ले गया। चोरी गए आभूषणों में ढाई तोले सोने का एक गले का सेट, सोने की 2 नोज पिन, सोने के 2 ओम के लॉकेट, सोने का एक मंगलसूत्र और सूई-धागा स्टाइल के सोने के कुंडल शामिल हैं। इसके अलावा चोर भारी मात्रा में चांदी के गहनों पर भी हाथ साफ कर गया, जिनमें चांदी की एक कमर तागड़ी, चांदी की पायल, चार जोड़ी चुटकी, बच्चों के 2 जोड़ी चांदी के कडूले और चांदी की 2 अंगूठियां शामिल हैं। सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस जब शिवनारायण की पत्नी छत से कपड़े लेकर नीचे उतरीं, तो घर का खुला दरवाजा और बिखरा हुआ सामान देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अपने पति और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-9 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित ने पुलिस से गुहार लगाई है कि इस मामले में अज्ञात चोर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उनकी जीवनभर की कमाई को बरामद किया जाए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के इलाकों और गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि संदिग्ध चोर की पहचान की जा सके। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

