सोमवार को हांसी में जिला शिकायत निवारण समिति (ग्रीवेंस कमेटी) की बैठक में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने अधिकारियों को लोगों की शिकायतों का गंभीरता से समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में हांसी के विधायक विनोद भयाना, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, डीसी, एसपी, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में 10 परिवाद रखे गए, जिनमें 7 का मौके पर निपटारा किया गया, जबकि 3 को आगामी कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया। सिंघवा गांव के किसान ने बीमा क्लेम का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत रखी। एक मामले में शिकायतकर्ता की शिकायत पर उसी के खिलाफ केस दर्ज किए जाने पर मंत्री अधिकारियों पर भड़क गए। उन्होंने एसपी और डीसी से पूछा कि शिकायत करने वाले के खिलाफ ही मामला कैसे दर्ज कर दिया गया। उन्होंने शिकायतकर्ता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएसपी पर लगाए जबरदस्ती हस्ताक्षर कराने के आरोप एक अन्य मामले में फरियादी ने आरोप लगाया कि डीएसपी देवेंद्र ने उससे जबरदस्ती हस्ताक्षर करवाए। शिकायतकर्ता मंत्री के सामने रो पड़ा। मंत्री ने मामले की जांच ग्रीवेंस कमेटी के सदस्यों को सौंपते हुए जल्द रिपोर्ट एसपी और डीसी को देने के निर्देश दिए। एक शिकायत में अधिकारियों ने बताया कि फरियादी संतुष्टि पत्र दे चुका है, लेकिन शिकायतकर्ता ने कहा कि समस्या का समाधान होने से पहले ही उससे हस्ताक्षर करवा लिए गए। मंत्री ने जमीन की दोबारा पैमाइश कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल संतुष्टि पत्र के आधार पर शिकायत का निपटारा न माना जाए और शिकायतकर्ता का बैठक में उपस्थित होना जरूरी है। मंत्री ने बिजली निगम के एक्सईएन को लगाई फटकार दिव्यांग किसान के खेत के बीच बिजली का खंभा लगाए जाने की शिकायत पर मंत्री ने बिजली निगम के एक्सईएन को फटकार लगाई। उन्होंने पूछा कि किसान से पूछे बिना खेत के बीच खंभा कैसे लगा दिया। जिला परिषद अध्यक्ष सोनू दाता ने भी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। मंत्री ने शिकायत को लंबित रखते हुए समाधान के निर्देश दिए। डेढ़ एकड़ जमीन का रास्ता बंद होने पर रो पड़ी महिला मसूदपुर से आई राजबाला अपने परिवार के साथ मंत्री के सामने शिकायत बताते हुए रो पड़ी। उसने बताया कि करीब 4 साल पहले उसने डेढ़ एकड़ जमीन खरीदी थी। शुरुआत में रास्ता दिया गया, लेकिन बाद में उसी रास्ते पर फसल बोकर रास्ता बंद कर दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश देते हुए समाधान का आश्वासन दिया। सीईटी के बाद भर्ती कैलेंडर पर सरकार का फोकस सीईटी के बाद युवाओं में सरकारी नौकरियों को लेकर बनी नाराजगी पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा में भर्ती कैलेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सरकार चाहती है कि युवाओं को पहले से पता रहे कि कौन सी भर्ती कब आएगी, ताकि वे समय रहते तैयारी कर सकें और उम्र सीमा निकलने की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि सीएम सैनी की भी इच्छा है कि प्रदेश में भर्ती कैलेंडर लागू हो। हालांकि उन्होंने इसके जारी होने की निश्चित तारीख नहीं बताई। ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर शिक्षा मंत्री ने सवाल उठाया कि यदि किसी का वोट गलत तरीके से काटा गया है तो उसने चुनाव आयोग में आपत्ति क्यों नहीं दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया उपलब्ध है। कांग्रेस एक भी ऐसा मामला सामने लाए जिसमें किसी व्यक्ति ने वोट कटने पर चुनाव आयोग में शिकायत की हो।

