ESIC-मेडिकल कॉलेज में छात्रों ने खोला डीन के खिलाफ मोर्चा:तालांबदी कर धरने पर बैठे;कहा-1 करोड़ से अधिक राशि होने के बाद भी चंदा मांगना पड़ रहा

ESIC-मेडिकल कॉलेज में छात्रों ने खोला डीन के खिलाफ मोर्चा:तालांबदी कर धरने पर बैठे;कहा-1 करोड़ से अधिक राशि होने के बाद भी चंदा मांगना पड़ रहा

अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सोमवार को स्टूडेंट्स ने कॉलेज डीन की कार्यशैली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। स्टूडेंट्स अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कॉलेज के गेट पर तालाबंदी कर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जमकर नारेबाजी की। छात्रों की तालाबंदी के कारण अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रों की प्रमुख मांगों में स्टूडेंट वेलफेयर फंड की राशि का जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करने की सुविधा उपलब्ध कराना और स्टूडेंट्स को अस्पताल में दवाइयां, जांच तथा पूरा इलाज उपलब्ध कराना शामिल है। छात्रों का कहना है कि हर स्टूडेंट से फीस के साथ हर साल करीब 5 हजार रुपए स्टूडेंट वेलफेयर फंड के नाम पर जमा कराए जाते हैं। पिछले करीब ढाई साल से इस फंड की राशि के उपयोग को लेकर कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं होने से छात्र परेशान हैं। प्रदर्शन कर रहे छात्र करण अलारिया ने बताया कि स्टूडेंट वेलफेयर फंड में छात्रों से हर साल राशि जमा कराई जाती है। अब तक फंड में करीब एक करोड़ रुपए से अधिक राशि जमा होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन इसका छात्रों के हित में उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों को कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए भी अलग से चंदा जुटाना पड़ रहा है, जबकि इसके लिए फंड में राशि जमा कराई गई है। करण ने बताया कि फंड के संचालन को लेकर पिछले करीब ढाई साल से एसओपी बनाने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं बन पाई है। मेडिकल सुविधाएं नहीं मिलने का भी आरोप छात्रों ने आरोप लगाया कि ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इतना बड़ा मेडिकल सेटअप होने के बावजूद स्टूडेंट्स को दवाइयां, जरूरी जांच और उपचार की सुविधाएं पर्याप्त रूप से नहीं मिल रही हैं। इससे छात्रों को इलाज के लिए परेशान होना पड़ रहा है। छात्रों ने मांग की कि स्टूडेंट्स को अस्पताल में दवा, टेस्ट और उपचार की सुविधा नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए। पुलिस ने गेट खोलने को कहा, छात्रों से हुई कहासुनी तालाबंदी की सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रामेश्वर लाल ने छात्रों से गेट खोलने और अस्पताल आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को परेशानी नहीं होने देने के लिए कहा। हालांकि छात्रों ने तालाबंदी समाप्त नहीं की। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच कहासुनी भी हुई। थाना प्रभारी ने छात्रों को स्पष्ट चेतावनी दी कि मरीजों को परेशान नहीं किया जाए और यदि स्थिति ज्यादा बिगाड़ी गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीन के चैंबर के बाहर धरना, बातचीत के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन इसके बाद स्टूडेंट्स डीन के चैंबर के बाहर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। कुछ देर बाद डीन ओमप्रकाश लखवानी ने करीब 10 स्टूडेंट्स को चैंबर में बुलाकर उनकी मांगों पर बातचीत की। बातचीत के बाद डीन खुद बाहर आए और प्रदर्शन कर रहे छात्रों से चर्चा की। उन्होंने छात्रों की मांगों पर आश्वासन दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *