Coriander and Curry Leaves Storage Tips: पुदीना, धनिया और करी पत्ता खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए लगभग हर भारतीय किचन में इस्तेमाल होते हैं। लेकिन इन्हें खरीदने के कुछ ही दिनों बाद पत्तियां मुरझाने, काली पड़ने या खराब होने लगती हैं। ऐसे में हर रोज इन्हें फ्रेश खरीदना आसान नहीं है। इसकी एक बड़ी वजह इन्हें स्टोर करने का गलत तरीका और जरूरत से ज्यादा नमी हो सकती है। अगर आप भी हर बार थोड़े से इस्तेमाल के बाद बाकी पत्ते फेंक देते हैं तो इन्हें सही तरीके से स्टोर करके लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे।
पुदीना को पानी वाले जार में रखें
पुदीना को फ्रेश रखने के लिए सबसे आसान तरीकों में से एक है इसे पानी वाले जार में रखना। इसके लिए सबसे पहले पुदीने की खराब, पीली या काली पत्तियों को अलग कर दें और डंठल के नीचे का थोड़ा हिस्सा काट दें। इसके बाद एक साफ जार में थोड़ा पानी भरें और इसमें पुदीने के डंठल खड़े करके रख दें। ध्यान रखें कि पानी सिर्फ डंठल तक रहे और पत्तियां पानी में न डूबें। जार को ऊपर से हल्के हाथ से पेपर या प्लास्टिक बैग से ढककर फ्रिज में रख सकते हैं। अगर कुछ दिनों के अंदर इस्तेमाल करना है तो इसे धूप और गर्मी से दूर कमरे के तापमान पर भी रखा जा सकता है। पानी को हर दो दिन में बदलते रहें। इस तरीके से पुदीना लंबे समय तक ताजा रह सकता है।
पेपर टॉवल में लपेटकर रखें
अगर आप पुदीने को पानी वाले जार में नहीं रखना चाहते हैं तो पेपर टॉवल का तरीका अपना सकते हैं। पुदीने को इस्तेमाल से पहले धोना बेहतर है, लेकिन अगर आपने इसे धो लिया है तो स्टोर करने से पहले पत्तियों को अच्छी तरह सुखा लें। इसके बाद पुदीने को हल्के नम पेपर टॉवल में ढीला लपेटें और एयरटाइट कंटेनर या जिप बैग में रखें। ध्यान रखें कि पेपर टॉवल बहुत ज्यादा गीला न हो। पत्तियों के बीच ज्यादा पानी जमा होने से वे जल्दी खराब हो सकती हैं।
धनिया को पानी वाले जार में ऐसे रखें
पुदीने की तरह धनिया को भी फ्रेश रखने के लिए पानी वाले जार में रखा जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले खराब या पीली पत्तियों को अलग करें और डंठल के नीचे का थोड़ा हिस्सा काट दें। अब जार में करीब एक इंच पानी भरें और धनिया के डंठल इसमें खड़े करके रख दें। ध्यान रखें कि पत्तियां पानी में न डूबें। इसके बाद जार को ऊपर से ढीले प्लास्टिक बैग से ढककर फ्रिज में रख दें। पानी को हर कुछ दिनों में बदलते रहें। इस तरीके से डंठल पानी सोखते रहते हैं, जबकि पत्तियां सीधे पानी के संपर्क में नहीं आतीं।
धनिया को जिप बैग में भी कर सकते हैं स्टोर
अगर आप धनिया को जार में नहीं रखना चाहते हैं तो इसे सुखाकर जिप बैग में रख सकते हैं। धनिया को धोने के बाद अच्छी तरह सुखाएं और पेपर टॉवल में लपेटकर जिप बैग में रखें। बैग को बंद करते समय अंदर की अतिरिक्त हवा निकाल दें। धनिया को स्टोर करने से पहले उसे गीला छोड़ना सही नहीं है। पत्तियों के बीच फंसी ज्यादा नमी से धनिया जल्दी नरम और काला पड़ सकता है। इसके अलावा, अगर आपके पास ज्यादा मात्रा में धनिया है और इसे लंबे समय तक इस्तेमाल करना है तो इसे फ्रीज भी किया जा सकता है। इसके लिए धनिया को काटकर आइस क्यूब ट्रे में डालें और ऊपर से पानी या थोड़ा ऑलिव ऑयल डालकर फ्रीज कर दें।
क्यूब जमने के बाद इन्हें निकालकर फ्रीजर के लिए बने एयरटाइट कंटेनर में रख सकते हैं। इस्तेमाल करते समय जरूरत के हिसाब से एक या दो क्यूब निकाल लें। यह तरीका खासकर सब्जी, सूप, सॉस और दूसरी ऐसी डिश में काम आता है जहां धनिया की ताजगी वाली बनावट जरूरी नहीं होती।
करी पत्ता को ऐसे करें स्टोर
करी पत्ता को फ्रेश रखने के लिए सबसे पहले खराब और पीले पत्तों को अलग कर दें। अगर पत्तों को धो रहे हैं तो स्टोर करने से पहले उन्हें पूरी तरह सुखाना जरूरी है। इसके बाद करी पत्ते को पेपर टॉवल में लपेटकर एयरटाइट कंटेनर या जिप पाउच में रखा जा सकता है। टॉवल अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करता है, जिससे पत्ते जल्दी गीले और खराब नहीं होते। करी पत्ता को लंबे समय तक रखना है तो इसे फ्रीज भी किया जा सकता है।

