रेवाड़ी जिले की थाना कसौला पुलिस ने अवैध हथियार रखने और हथियार सप्लाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध देशी कट्टे और 10 जिंदा रौंद बरामद किए हैं। इनमें एक मामले में पुलिस ने हथियार रखने वाले आरोपी को पकड़ने के बाद उसके कथित सप्लायर तक पहुंच बनाई और दो सप्लायरों को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि गांव जलियावास निवासी रमन उर्फ बोगा असाई फ्लाईओवर के नीचे अवैध हथियार लेकर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना पर टीम ने मौके पर दबिश देकर रमन को काबू किया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में रमन ने पुलिस को बताया कि उसने यह हथियार डयोढई निवासी शेखर से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने शेखर को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आए कथित हथियार सप्लायर आशीफ निवासी झिंझर, जिला कानपुर (उत्तर प्रदेश), हाल किरायेदार बावल को भी गिरफ्तार किया गया। दूसरे मामले में कट्टा और 10 जिंदा रौंद मिले इसी दिन पुलिस को सूचना मिली कि आसलवास निवासी अमित कुमार अवैध हथियार के साथ असाई पुल के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और 10 जिंदा रौंद बरामद हुए। पुलिस ने दोनों मामलों में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किए हैं। चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार, नशा तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

