रेवाड़ी में नर्सिंग स्टाफ ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी का विरोध तेज कर दिया है। नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने पॉलिसी को नर्सिंग कैडर से बाहर रखने की मांग की है। इसी मांग को लेकर स्टाफ ने ड्यूटी छोड़कर 2 घंटे हड़ताल की। नर्सिंग जिला प्रधान सुशीला यादव ने बताया कि स्टाफ को तीनों शिफ्ट में काम करना पड़ता है। दूर तबादला होने से महिला कर्मचारियों को परिवार से दूर रहने और सुरक्षा की दिक्कतें होंगी, जिससे मानसिक दबाव बढ़ेगा। 3 दिन 2 घंटे हड़ताल पर रहेंगे कर्मचारी उन्होंने कहा कि पॉलिसी के विरोध में नर्सिंग स्टाफ 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को काले बिल्ले लगाकर ड्यूटी कर चुके है। अब 3 दिन 5, 6 और 7 अक्टूबर को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक 2 घंटे की हड़ताल की जाएगी। उन्होंने वाशिंग अलाउंस का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि नर्सिंग स्टाफ को पिछले करीब डेढ़ वर्ष से वाशिंग अलाउंस नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने सरकार से लंबित वाशिंग अलाउंस जारी करने की मांग की है। आंदोलन को तेज करने की चेतावनी सुशीला यादव ने चेतावनी दी कि यदि 10 अक्टूबर तक ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी और वाशिंग अलाउंस सहित उनकी मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो इसके बाद नर्सिंग स्टाफ वर्दी पहनकर ड्यूटी पर नहीं आएगा और सिविल ड्रेस में ड्यूटी कर अपना रोष जताएगा। इसके बाद भी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।

