जोधपुर में पुलिस ने ब्रैंडेड कपड़ों के नाम पर चल रहे बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया है। सरदारपुरा थाना इलाके के सरदारपुरा प्रथम बी रोड स्थित मन्नत कलेक्शन दुकान पर दबिश दी। पुलिस ने नामचीन कंपनियों लिवाइस, टॉमी हिलफिगर और कैल्विन क्लाइन के करीब 2200 नकली कपड़े जब्त किए। जब्त किए गए कपड़ों में जीन्स, शर्ट, लोअर, टी-शर्ट और अंडरगारमेंट्स शामिल हैं। इन पर इन ब्रैंडेड कंपनियों के फर्जी लेबल लगे हुए थे। ऐसे हुआ मामले का खुलासा कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधि अखिलेश ने अपनी टीम के साथ सहायक पुलिस आयुक्त पश्चिम कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया- सरदारपुरा स्थित एक गोदाम से मेरी कंपनियों के नाम पर थोक के भाव में नकली कपड़े बेचे जा रहे हैं। इससे कंपनियों के साथ-साथ सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। शिकायत की तस्दीक करने के बाद एसीपी वेस्ट भजनलाल जांगिड़ की अगुवाई में पुलिस और कंपनी प्रतिनिधियों की टीम ने मन्नत कलेक्शन के गोदाम पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान दुकान मालिक जितेन्द्र जैन (26) पुत्र राजेंद्र जैन निवासी गोगा मंड का बास पाल गांव बोरानाडा के पास ब्रैंडेड कंपनियों से जुड़ा अनुबंध या कपड़े बेचने का वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने लाखों रुपए कीमत के नकली कपड़ों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) और ट्रेडमार्क अधिनियम 1999 की धारा 102, 103, 104 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

