Kolkata Elderly Couple Death: कोलकाता के पंचसायर इलाके में बंद घर से वृद्ध दंपती के शव मिलने से हड़कंप मच गया। कमरे से एक लाख रुपए नकद और अंतिम संस्कार के लिए लिखा एक नोट भी मिला है।
कोलकाता। दक्षिण कोलकाता के पंचसायर इलाके में एक वृद्ध दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बंद कमरे में पत्नी का शव बिस्तर पर पड़ा मिला, जबकि पति का शव भी घर में मिला। पुलिस के अनुसार रविवार को पंचसायर थाने में एक व्यक्ति ने फोन कर घर के भीतर एक शख्स की संदिग्ध मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस नयाबाद के नव मालंच इलाके में स्थित उक्त मकान में पहुंची। घर का दरवाजा भीतर से बंद था। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई।
चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित किया
पुलिस के मुताबिक कमरे में मकान मालिक असित आश (66) का शव पड़ा था। उसी कमरे में बिस्तर पर उनकी पत्नी मंदिरा आश (64) भी अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। पुलिस ने दोनों को तत्काल एनआरएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को कमरे में हस्तलिखित नोट और टेबल पर एक लाख रुपए नकद मिले। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, नोट में लिखा था कि दंपती के अंतिम संस्कार में इन रुपए का इस्तेमाल किया जाए। किसी को मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जाए।
इकलौते बेटे की मौत के बाद थे अवसाद में
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक असित ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और इसके बाद उनकी संदिग्ध मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक दंपती के इकलौते बेटे की कुछ समय पहले किडनी फेल होने से मौत हो गई थी। इसके बाद से दोनों कथित तौर पर मानसिक अवसाद में थे। पड़ोसियों के अनुसार वे आसपास के लोगों से ज्यादा मेलजोल भी नहीं रखते थे। हाल के दिनों में दोनों की तबीयत भी खराब चल रही थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और दंपती के रिश्तेदारों का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार असित और मंदिरा लंबे समय से पंचसायर इलाके के इसी मकान में रह रहे थे। पुलिस कई संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

