भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के रीवा पहुंचने पर रविवार रात शहर में रोड शो निकाला गया। रोड शो जय स्तंभ चौक से शुरू होकर बैज धर्मशाला तक पहुंचा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। रोड शो में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा और भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। रीवा पहुंचने पर चंद्रलोक होटल में हेमंत खंडेलवाल का स्वागत किया गया। इसके बाद वे वाहन रैली के साथ शहर में निकले। अलग-अलग चौराहों पर हुआ स्वागत रोड शो के दौरान खन्ना चौराहा पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने स्वागत किया। स्टेच्यू चौराहा पर पार्षद दीनानाथ वर्मा की अगुवाई में फोर्ट रोड के व्यापारियों ने स्वागत किया। प्रकाश चौराहा पर बैस समाज के अध्यक्ष वंशी साहू के नेतृत्व में स्वागत कार्यक्रम हुआ। इसके बाद हेमू कालानी चौक पर सिंधी समाज और शिल्पी प्लाजा पुलिस चौक पर स्थानीय व्यापारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। रोड शो के समापन के बाद हेमंत खंडेलवाल के राजनिवास पहुंचने का कार्यक्रम था। उनके संभागीय प्रवास को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। वरिष्ठ नेता-जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए कार्यक्रम में विधायक नागेंद्र सिंह, दिव्यराज सिंह, सिद्धार्थ तिवारी, नरेंद्र प्रजापति, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, विंध्य विकास प्राधिकरण अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल और नगर निगम अध्यक्ष वेंकटेश पांडेय सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

