डीडवाना के इंडोलाव की ढाणी के पास रविवार को मेला देखकर लौट रही कार के सामने अचानक गोवंश आ जाने से हादसा हो गया। ड्राइवर ने कार को संभालने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण खोने से कार पलट गई। हादसे में जोचिना गांव के एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गोवंश सामने आया, कार पलट गई जानकारी के अनुसार परिवार के लोग मेला देखकर कार से लौट रहे थे। इंडोलाव की ढाणी के पास अचानक कार के सामने गोवंश आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। बस ड्राइवर ने घायलों की मदद की हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक बस ड्राइवर ने घायलों की मदद की। घायलों को तत्काल कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। सभी घायलों को डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी है। पुलिस ने हटवाई पलटी कार हादसे की सूचना मिलते ही डीडवाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पलटी हुई कार को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारू करवाया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। हादसे में ये 10 लोग घायल घायलों में नम्रता (26) पत्नी योगेश, कार्तिक (4) पुत्र योगेश, मुन्नी (50) पत्नी अशोक, प्रियांशी (9) पुत्री प्रदीप, भारती (28) पत्नी प्रदीप, कीर्तिका (6) पुत्री प्रदीप, मनीषा (25) पत्नी राहुल, प्रियांश (1) पुत्र राहुल, प्रियंका (22) पुत्री अशोक और राहुल (26) पुत्र अशोक शामिल हैं।

