बहराइच में कैसरगंज थाना क्षेत्र में युवक की मौत के बाद रविवार शाम परिजनों और ग्रामीणों ने बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर जाम लगा दिया। करीब 20 वर्षीय कुलदीप का शव शनिवार शाम नदी से बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव घर पहुंचा तो परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। रविवार शाम 7 बजे बरखुरद्वारापुर चौराहे पर ग्रामीण हाईवे पर बैठ गए। खेत में काम करते समय लापता हुआ था युवक गोड़हिया नंबर एक के मजरा गोडियन पुरवा निवासी कुलदीप पुत्र चेतराम शनिवार को खेत में काम करने गया था। इसी दौरान वह लापता हो गया। देर शाम करीब 8 बजे उसका शव नदी से बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने कुलदीप की मौत को हत्या बताया। उनका कहना था कि युवक की मौत पानी में डूबने से नहीं हुई है। उन्होंने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार ग्रामीणों के हाईवे पर बैठने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। इससे कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन जाम की सूचना पर सीओ कैसरगंज धीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव और थानाध्यक्ष राजकुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। सीओ ने कहा कि घटना की गहनता से जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा। इसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए। करीब एक घंटे बाद हाईवे पर आवागमन सुचारु हो सका।

