कानपुर के नौरंगा स्थित आईटीआई परिसर में रविवार दोपहर घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने क्षेत्र के लोगों और नारी शक्ति को सम्मानित किया। विधायक ने लोगों को माला पहनाकर और पटका भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीते दिनों आयोजित जनसभा में क्षेत्र की जनता ने जिस तरह बढ़-चढ़कर भागीदारी की, वह घाटमपुर की नारी शक्ति और जनता के समर्थन का प्रदर्शन है। घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने कहा कि बीते पांच वर्षों में घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। इन कार्यों को लेकर जनता का समर्थन और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि जनसभा में बड़ी संख्या में महिलाओं और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी ने यह साबित किया कि जनता विकास कार्यों को लेकर जागरूक है और क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदारी निभा रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति किसी भी समाज और क्षेत्र की मजबूती का आधार है। महिलाओं ने कार्यक्रमों में जिस उत्साह के साथ सहभागिता की, वह सराहनीय है। विधायक ने सम्मानित किए गए लोगों का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों का इसी तरह स्नेह और आशीर्वाद बना रहे, जिससे घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति को आगे बढ़ाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने एक-एक कर लोगों और महिलाओं को माला पहनाकर तथा पटका भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर लोगों ने विधायक का आभार जताया। इस दौरान स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

