उज्जैन में सड़क दुर्घटनाएं कम करने और ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए यातायात पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान शुरू किया। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह अभियान 8 अक्टूबर तक चलेगा। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। वहीं हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने वालों को पुलिस चॉकलेट और चाबी का छल्ला देकर प्रोत्साहित कर रही है। नियम मानने वालों को चॉकलेट-चाबी का छल्ला यातायात डीएसपी मनोज खत्री ने बताया कि अभियान में चालानी कार्रवाई के साथ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने वाले वाहन चालकों को चॉकलेट व चाबी का छल्ला दिया जा रहा है, ताकि दूसरे लोग भी ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित हों। पुलिस लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट और वाहन इंश्योरेंस जैसे जरूरी दस्तावेज रखने के लिए जागरूक कर रही है। इसके लिए नुक्कड़ नाटक भी किए जा रहे हैं। नियम तोड़ने वालों के मौके पर ही चालान बनाए जा रहे हैं। 8 महीने में सड़क दुर्घटनाएं कम हुईं एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पिछले 8 महीनों में सड़क दुर्घटनाएं कम हुई हैं। पुलिस का लक्ष्य हादसों में जनहानि रोकना है। उन्होंने लोगों से अपनी सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की।

