मुरैना जिला अस्पताल में गायब रहे डॉक्टर:रात से सुबह 8 बजे तक थी ड्यूटी, फोन भी बंद, इमरजेंसी में परेशान होते रहे मरीज

मुरैना जिला अस्पताल में गायब रहे डॉक्टर:रात से सुबह 8 बजे तक थी ड्यूटी, फोन भी बंद, इमरजेंसी में परेशान होते रहे मरीज

मुरैना के जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के रातभर अस्पताल नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है। शनिवार रात डॉ. मदन मोहन राजौरिया की ड्यूटी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। वे अस्पताल नहीं पहुंचे। मरीज और उनके परिजन इमरजेंसी में परेशान होते रहे। अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टर से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद दूसरे डॉक्टर को बुलाकर इमरजेंसी की व्यवस्था संभाली गई। ड्यूटी रूम का वीडियो भी सामने आया डॉ. राजौरिया का करीब 15 दिन पुराना बताया जा रहा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वे इमरजेंसी वार्ड के डॉक्टर ड्यूटी रूम में बैठे दिखाई दे रहे हैं। टेबल पर शराब की खाली बोतल और बीयर की कैन नजर आ रही है। वीडियो में उन्हें नशे की हालत में होने का दावा किया जा रहा है। ड्यूटी के दौरान शराब पीने के आरोपों को लेकर पहले भी उनके वीडियो सामने आने की बात कही जा रही है। पूर्व में शिकायत मिलने पर अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें समझाइश और हिदायत दी थी। सिविल सर्जन बोले- वीडियो की जांच कराएंगे सिविल सर्जन डॉ. गजेंद्र तोमर ने बताया कि डॉ. राजौरिया को लेकर पहले भी शिकायत मिली थी। उस समय उन्हें समझाइश और हिदायत दी गई थी। अब सामने आए वीडियो की जांच कराई जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि वह कब का है। उन्होंने बताया कि शनिवार रात डॉक्टर की इमरजेंसी में ड्यूटी थी, लेकिन वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे और उनका फोन भी बंद था। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाएगी। उनके निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *