करनाल पहुंची सासंद कुमारी सैलजा:PM मोदी की विधायकों से बैठक पर कहा जनता का विश्वास उठ चुका है,काम नहीं होने से आम लोग परेशान, बैठक दिखावा

करनाल पहुंची सासंद कुमारी सैलजा:PM मोदी की विधायकों से बैठक पर कहा जनता का विश्वास उठ चुका है,काम नहीं होने से आम लोग परेशान, बैठक दिखावा

हरियाणा कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एंव सासंद अध्यक्ष कुमारी सैलजा रविवार को करनाल पहुंचीं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरियाणा के भाजपा विधायकों के साथ 3 अक्टूबर को हुई बैठक, चुनाव आयोग, किसानों के प्रदर्शन और उत्तराखंड के हालात पर कांग्रेस का पक्ष रखा। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनता के काम नहीं करने और लोगों का विश्वास खोने का आरोप लगाया। पीएम की बैठक पर बोलीं- जनता का विश्वास टूट चुका है
कुमारी सैलजा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरियाणा के भाजपा विधायकों के साथ बैठक पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके मायने समझ नहीं आए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बने कई साल हो चुके हैं, लेकिन हरियाणा में कुछ नहीं हो रहा। भाजपा को तीन बार मौका मिल चुका है और अब उसे समझ आ गया है कि हरियाणा के लोगों का विश्वास उससे उठ चुका है। इसलिए अब आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। सैलजा ने कहा कि एक बार जनता का विश्वास टूट जाए तो दोबारा आसानी से भरोसा नहीं बनता। भाजपा के विधायकों का दर्द भी कई बार सार्वजनिक रूप से दिखाई देता है। आम लोगों के काम नहीं हो रहे और वे परेशान हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ विधायकों की बैठक को दिखावा और भाजपा को छलावा बताया। कांग्रेस के प्रदर्शन पर बोलीं- लोकतंत्र का सवाल है
कांग्रेस के प्रदर्शनों को लेकर सैलजा ने कहा कि यह लोकतंत्र का सवाल है। जनता के साथ अन्याय हुआ है, इसलिए जगह-जगह प्रदर्शन होंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पहले ही इन मुद्दों को उठाया था और अब वे सही साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी निष्पक्ष तरीके से काम करना है, लेकिन आयोग अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहा। सैलजा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के सामने कई बार सवाल उठाए गए, लेकिन उन्होंने एक भी बात नहीं मानी। उन्होंने सवाल किया कि ऐसा क्यों हुआ और किसके इशारे पर हुआ। उन्होंने कहा कि उन्हें इसमें सरकार की ओर संकेत दिखाई दे रहा है और प्रधानमंत्री व गृह मंत्री की जानकारी के बिना ऐसा नहीं हो सकता। हालांकि उन्होंने कहा कि समय के साथ सब कुछ सामने आ जाएगा। अगला चुनाव आने पर जनता खुद खड़ी होकर चुनाव करवाएगी। किसानों को लेकर सरकार पर साधा निशाना
किसानों के प्रदर्शनों के सवाल पर सैलजा ने कहा कि हर बार सरकार किसान को परेशानी में डाल देती है। किसान खाद और फसल की खरीद के बीच फंसा रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा खेल चंद घरानों के हाथों में चल रहा है और सरकार ने सब कुछ उन्हीं घरानों को दे दिया है। सैलजा ने कहा कि आम नागरिक परेशान है। उन्होंने सरकार की सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी के आंकड़ों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि असली स्थिति जानने के लिए जमीन पर जाकर देखना चाहिए। दीपेंद्र हुड्डा के सवालों पर जवाब देने से बचीं
दीपेंद्र हुड्डा के कार्यक्रमों और उन्हें भावी मुख्यमंत्री बनाए जाने के नारे से जुड़े सवाल पर सैलजा ने कोई जवाब नहीं दिया। दीपेंद्र हुड्डा से संबंधित सवाल पूछे जाने पर वह जवाब देने से बचती नजर आईं। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
उत्तराखंड के सवाल पर सैलजा ने कहा कि वहां लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि वहां के हालात देखने पर हर परियोजना में भ्रष्टाचार दिखाई देता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *