महिला के गले से चेन झपटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार:इंदौर में सीसीटीवी से मिला सुराग; चोरी की चेन खरीदने वाला सुनार भी पकड़ाया, एक्टिवा जब्त

महिला के गले से चेन झपटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार:इंदौर में सीसीटीवी से मिला सुराग; चोरी की चेन खरीदने वाला सुनार भी पकड़ाया, एक्टिवा जब्त

इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में राह चलती महिला के गले से सोने की चेन झपटने वाले दो बदमाशों और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा जब्त की है। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। किराना दुकान से लौट रही महिला को बनाया निशाना डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक 2 अक्टूबर को महिला ने अन्नपूर्णा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह किराना दुकान से सामान लेकर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से एक्टिवा पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। पुलिस ने महिला के आने-जाने वाले रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दोनों आरोपी एक्टिवा से जाते हुए दिखाई दिए। नंबर प्लेट पर रेडियम लगाकर पहचान छिपाई पुलिस के अनुसार बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए एक्टिवा पर नंबर प्लेट MP09-UB-2234 लगाई थी और उस पर रेडियम चिपका दिया था। इसके बावजूद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली और उनकी लोकेशन ट्रेस करते हुए उन तक पहुंची। रणजीत हनुमान से लौटते समय महिला पर नजर पड़ी पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रणजीत हनुमान मंदिर में दर्शन करने गए थे। लौटते समय उन्हें महिला अकेली जाती दिखाई दी। महिला के गले में सोने की चेन देखकर दोनों ने उसका पीछा किया और मौका पाकर चेन झपटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अनुराग सुनहरे और अमित कोरी को गिरफ्तार किया है। चोरी का माल खरीदने के आरोप में भागीरथपुरा निवासी सुनार चिराग अहिरवार को भी पकड़ा गया है। अनुराग पर 3, अमित पर एक पुराना केस पुलिस के मुताबिक अनुराग सुनहरे के खिलाफ पहले से तीन और अमित कोरी के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा बरामद की है। मामले में आरोपियों से आगे पूछताछ की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *