लुधियाना के हैबोवाल के रणजोध पार्क इलाके में गली से कार निकालने को लेकर एक ड्राइवर द्वारा जमकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गली के कट पर खड़ी एक्टिवा से कार टकराने के बाद ड्राइवर भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने हथौड़े से गली में लगी कुछ थड़ियां तोड़ दीं और एक्टिवा मालिक पर हमला करने की कोशिश की। पीड़ित का आरोप है कि ड्राइवर हथौड़ा लेकर उसके घर में भी घुस आया और उसके सिर पर वार किया। घटना के दौरान ड्राइवर के परिवार द्वारा तलवारें निकालने का भी आरोप लगाया गया है। गुस्से में आकर दी गालियां बिजली का काम करने वाले दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी ड्राइवर उनके मोहल्ले में ही रहता है। वह अपनी कार गली से निकाल रहा था। गली के मोड़ पर उसकी एक्टिवा खड़ी थी। ड्राइवर ने एक्टिवा के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वह उनकी है और वह उसे हटाने के लिए घर के अंदर जाने लगे। इसी दौरान ड्राइवर गुस्से में आ गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। दिनेश के मुताबिक, जब उन्होंने उसे गालियां देने से रोका तो ड्राइवर हथौड़ा लेकर उनके पीछे दौड़ा। आरोप है कि वह हथौड़ा लेकर उनके घर के अंदर तक पहुंच गया और सिर पर वार किया। दिनेश ने कहा कि विवाद बढ़ने पर ड्राइवर के परिवार के लोग भी बाहर आ गए और तलवारें निकाल लीं। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्राइवर के व्यवहार से पूरा मोहल्ला परेशान है। मोहल्ला निवासी रवि कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी मौके पर आकर जांच करने की बात कहते हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि गली में किसी के एक्टिवा खड़ी करने पर भी ड्राइवर विवाद और गाली-गलौज शुरू कर देता है। इलाका निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि मोहल्ले में आए दिन होने वाले विवादों के कारण लोग परेशान हैं और आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

