झांसी हादसा:पड़ोसी बोले- अनूप बहुत अच्छे तैराक थे, कई लोगों की जान बचाई; इस बार खुद नहीं बच सके

झांसी हादसा:पड़ोसी बोले- अनूप बहुत अच्छे तैराक थे, कई लोगों की जान बचाई; इस बार खुद नहीं बच सके

झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर में नदी में डूबने से पांच लोगों की मौत के मामले में नई जानकारी सामने आई है। मृतक अनूप तिवारी अच्छे तैराक थे। वह पहले भी नदी में डूब रहे कई लोगों की जान बचा चुके थे। लेकिन 29 सितंबर को बेटे और तीन अन्य युवकों को बचाने के दौरान उनकी भी जान चली गई। रानीपुर के देवरी सिंह पुरा निवासी अनूप तिवारी अपने बेटे अर्पित, भतीजे अभिनय, श्रेयांश और भांजे पुष्कर के साथ नदी पर गए थे। बताया गया कि अर्पित तैरते हुए गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अभिनय, श्रेयांश और पुष्कर भी पानी में उतर गए। इसके बाद चारों डूबने लगे। चारों को डूबता देखकर अनूप भी उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए। पड़ोसी अखिलेश सिरोती के मुताबिक, अनूप को तैरना अच्छी तरह आता था। उन्होंने कई लोगों को नदी में डूबने से बचाया था। अखिलेश के मुताबिक, आशंका है कि डूबते समय चारों युवक घबरा गए और उन्होंने अनूप को पकड़ लिया। इससे अनूप भी खुद को संभाल नहीं पाए। देखते ही देखते पांचों गहरे पानी में डूब गए। हादसे से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें अर्पित अपने चचेरे भाई श्रेयांश से तैरना सिखाने की बात कह रहा है। इसके बाद वह तैरने की कोशिश करते हुए गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए उसके भाई पानी में उतर गए और फिर अनूप भी उन्हें बचाने पहुंचे। हादसे में पांचों की मौत हो गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *