हरदोई जनपद की तहसील शाहाबाद में डीएम राहुल पांडेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्य में लापरवाही बरतने और अनुपस्थित रहने वाले 4 अधिकारियों को डीएम द्वारा कड़ा नोटिस देते हुए जवाब तलब करने के निर्देश दिए गए। डीएम और एसपी अशोक कुमार मीणा ने संयुक्त रूप से आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस संबंध में शनिवार की शाम 5:22 बजे जानकारी दी गई। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान बैठक से गैर-हाजिर रहने और विलम्ब से पहुंचने वाले कुल 4 अधिकारियों पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी और आबकारी निरीक्षक शाहाबाद को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब करने के सख्त निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को बेहद गंभीरतापूर्वक सुना। फरियादियों से उनकी समस्याओं के संबंध में पूरी जानकारी लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुनें और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई करें, ताकि विवादों का प्रभावी समाधान हो सके। जिन मामलों का निस्तारण मौके पर संभव था, उन्हें वहीं सुलझाया गया। पुलिस विभाग को संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों और प्रकरणों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच करते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम शाहाबाद, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

