हरदोई में शनिवार दोपहर भरावन विकासखंड के बाढ़ प्रभावित गांवों में निरीक्षण के दौरान बीडीओ और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। एक युवक अधिकारियों की बातचीत का वीडियो बना रहा था। आरोप है कि बीडीओ ने होमगार्ड से उसका मोबाइल छीनने को कहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बीडीओ ने मोबाइल छीनने का आदेश देने से इनकार किया है। बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे थे बीडीओ जानकारी के अनुसार, बीडीओ अरविंद कुमार राजपूत भटपुर के कूड़ा, कटकाकला, तुलसीपुर और कटका खुर्द समेत कई गांवों में पहुंचे थे। यहां बाढ़ से प्रभावित रास्तों और ग्रामीणों की समस्याओं का सर्वे किया जा रहा था। अधिकारियों ने ग्रामीणों से समस्याएं जानकर उनके निस्तारण को लेकर बातचीत भी की। ग्रामीण अपनी समस्याएं बता रहे थे ग्रामीण शिवलाल मौर्य अधिकारियों के सामने चारे की समस्या रख रहे थे। इसी दौरान उनके पास मौजूद एक युवक पूरी बातचीत का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि वीडियो बनाते देखकर बीडीओ और उनके साथ मौजूद दरोगा ने युवक से वीडियो बनाने से मना किया। वीडियो बनाने का कारण भी पूछा गया। मोबाइल छीनने की बात पर बढ़ा विवाद वायरल वीडियो में व्यवस्था से जुड़े सवाल उठाए जाने के दौरान बीडीओ की ओर से होमगार्ड को मोबाइल छीनने का आदेश देते हुए सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। मोबाइल छीनने की बात सामने आने के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। लोगों ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। बीडीओ ने कहा- मोबाइल छीनने का आदेश नहीं दिया बीडीओ अरविंद कुमार राजपूत ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान ग्रामीण नाव की मांग कर रहे थे। स्थानीय ग्रामीण शिवलाल मौर्य चारे की समस्या बता रहे थे। इस पर उन्होंने एसडीएम से बात की। इसी दौरान एक युवक वीडियो बनाने लगा। बीडीओ के मुताबिक, उन्होंने युवक से केवल वीडियो नहीं बनाने का आग्रह किया था। उन्होंने मोबाइल छीनने जैसा कोई आदेश देने से इनकार किया। सोशल मीडिया पर वायरल है वीडियो घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। ग्रामीणों का कहना है कि वे बाढ़ प्रभावित रास्तों और मवेशियों के चारे की समस्या अधिकारियों के सामने रख रहे थे। वहीं प्रशासनिक पक्ष का कहना है कि निरीक्षण के दौरान युवक से वीडियो न बनाने का आग्रह किया गया था।

