फतेहपुर में भारतीय किसान यूनियन ने शनिवार शाम 4 बजे बड़ौरी टोल प्लाजा हाईवे पर मासिक पंचायत और धरना-प्रदर्शन किया। इसमें स्थानीय किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा की गई। पंचायत के बाद किसान प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपकर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। कल्याणपुर और बैजंतला मोड़-2 पर ओवरब्रिज की मांग किसानों ने ज्ञापन में कल्याणपुर और बैजंतला मोड़-2 पर ओवरब्रिज निर्माण कराने की मांग की। इसके साथ ही हाल की बारिश में कच्चे मकान गिरने से प्रभावित गरीब परिवारों का सर्वे कराकर उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी गई। गांवों में सफाई और चकमार्गों की समस्या उठाई किसान प्रतिनिधियों ने अलौना और ललौली के गांवों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। उनका कहना है कि यहां सफाई व्यवस्था खराब है। इसके अलावा गांवों में हदबंदी और चकबंदी से जुड़े मुकदमों के निस्तारण के लिए समय-सीमा तय करने की मांग की गई, ताकि किसानों को राहत मिल सके। सीएचसी बिंदकी में हड्डी रोग विशेषज्ञ की मांग ज्ञापन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिंदकी में हड्डी रोग विशेषज्ञ की जल्द नियुक्ति की मांग भी की गई। किसानों का कहना है कि विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होने के कारण स्थानीय मरीजों को इलाज के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। धरने में राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक उत्तम, जिलाध्यक्ष नवल पटेल और ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा समेत किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे। तहसील अध्यक्ष कप्तान सिंह यादव ने कहा कि ज्ञापन में उठाई गई जनहित की मांगों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए मजबूर होंगे।

