शिवपुरी में कार-टैक्सी की भिड़ंत, महिला की मौत:एंबुलेंस न मिलने पर परिजनों का हंगामा, शव रखकर NH-46 पर किया चक्काजाम

शिवपुरी में कार-टैक्सी की भिड़ंत, महिला की मौत:एंबुलेंस न मिलने पर परिजनों का हंगामा, शव रखकर NH-46 पर किया चक्काजाम

शिवपुरी जिले के सतनवाड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम कार और तीन पहिया टैक्सी की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में टैक्सी सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, ग्राम एरावन निवासी घनश्याम आदिवासी अपनी पत्नी गोमती और अन्य लोगों के साथ मजदूरी कर गांव लौट रहा था। घनश्याम और उसका साला रामवरन बाइक पर थे, जबकि पत्नी गोमती, राजवती, नंदनी, धनवंती, जूली और जिन्की समेत करीब 12 लोग थ्री-व्हीलर टैक्सी में सवार थे। नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर झिरना मंदिर के आगे पुलिया के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कारने टैक्सी में टक्कर मार दी। हादसे में गोमती आदिवासी को गंभीर चोटें आईं। टैक्सी सवार अन्य लोग भी घायल हो गए। नहीं पहुंची एंबुलेंस, ऑटो से ले गए अस्पताल घटनास्थल जंगल क्षेत्र में होने के कारण मौके पर तत्काल एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। इसके बाद परिजन घायल गोमती को एक अन्य ऑटो से ही सतनवाड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें शिवपुरी मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी। रास्ते में तोड़ा दम, परिजनों ने किया चक्काजाम परिजन गोमती को ऑटो से ही शिवपुरी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद समय पर एंबुलेंस और पुलिस की मदद नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने मामोनी के पास NH-46 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने नाराज परिजनों को समझाइश देकर सड़क से हटाया। स्थिति को संभाला। पुलिस मामले में केस दर्ज कर जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *