ग्वालियर में दो नाबालिग बहनों को सोशल मीडिया पर बदनाम करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने ‘Namrita1417’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी बनाकर दोनों बच्चियों की तस्वीरें वायरल कीं और उन पर आपत्तिजनक व अश्लील टिप्पणियां कीं। पोस्ट में परिवार का पता और मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिए गए। इसके बाद परिवार के पास लगातार अनजान लोगों के कॉल और मैसेज आने लगे। जनकगंज थाना क्षेत्र निवासी महिला की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 6 जनवरी से 2 अक्टूबर 2026 के बीच की बताई गई है। फॉलो बैक के दो दिन बाद तस्वीरें पोस्ट करने का आरोप महिला के मुताबिक 6 जनवरी को उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर ‘Namrita1417’ नाम की आईडी से फॉलो रिक्वेस्ट आई थी। महिला ने फॉलो बैक किया। इसके करीब दो दिन बाद अज्ञात यूजर ने उसकी दोनों बेटियों की तस्वीरें उनके पिता के साथ पोस्ट कर दीं। आरोप है कि तस्वीरों के साथ अश्लील टिप्पणियां की गईं और बच्चियों के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिए गए। बाद में आसपास के लोगों से महिला को सोशल मीडिया पर चल रही पोस्ट की जानकारी मिली। पोस्ट हटने के बाद फिर शुरू हुई हरकत महिला का कहना है कि कुछ समय पहले इंस्टाग्राम से तस्वीरें और पोस्ट हटा दी गई थीं, लेकिन आरोपी ने दोबारा वही हरकत शुरू कर दी। लगातार हो रही पोस्ट और कॉल से परिवार परेशान हो गया। इसके बाद महिला पति के साथ जनकगंज थाने पहुंची और कार्रवाई की मांग की। बदनामी के डर से स्कूल जाने में भी डर परिवार के मुताबिक सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद दोनों बच्चियां सहमी हुई हैं। उन्हें डर रहता है कि लोग उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के कारण देख रहे हैं। परिवार का कहना है कि बदनामी के डर से बच्चियां स्कूल भी ठीक से नहीं जा पा रही हैं। फेक आईडी का तकनीकी डेटा जुटा रही साइबर टीम पुलिस के मुताबिक संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आईडी के फर्जी आईपी एड्रेस से संचालित होने की जानकारी सामने आई है। साइबर विशेषज्ञ यह पता लगाने में जुटे हैं कि आईडी किस ईमेल और मोबाइल नेटवर्क से बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार मामला दर्ज होने के बाद आरोपी ने आईडी से फोटो और वीडियो डिलीट कर दिए। पुलिस पोस्ट और संबंधित मोबाइल नंबर का तकनीकी डेटा भी जुटा रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। CSP बोलीं- आरोपी की तलाश जारी सीएसपी लश्कर किरन अहिरवार ने बताया, पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। संबंधित इंस्टाग्राम आईडी और मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि पोस्ट शेयर करने वाले आरोपी को जल्द पकड़कर वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

