हापुड़ के सिटी कोतवाली क्षेत्र के श्रीनगर निवासी विशाल के पैन नंबर का गलत इस्तेमाल कर करीब 7.5 करोड़ रुपए का लेनदेन किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उनके पैन नंबर पर दिल्ली के शकरपुर में ‘जिल एंटरप्राइजेज’ नाम से फर्जी फर्म चलाई जा रही थी। आयकर विभाग से नोटिस मिलने के बाद विशाल को इसकी जानकारी हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विशाल के मुताबिक, वर्ष 2020 में उन्हें पता चला कि उनके पैन नंबर से ‘जिल एंटरप्राइजेज’ नाम की एक अन्य फर्म बनाई गई है। उन्होंने उसी समय जीएसटी कार्यालय में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने शकरपुर थाने और आर्थिक अपराध शाखा में भी शिकायत की। आयकर नोटिस में 73 लाख की टैक्स देनदारी 26 जून 2025 को आयकर विभाग ने विशाल को नोटिस भेजा। इसमें उनके पैन नंबर से करीब 7.5 करोड़ रुपए के लेनदेन और लगभग 73 लाख रुपए की टैक्स देनदारी का जिक्र था। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत हापुड़ एसपी से की। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शुक्रवार रात मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस बोली- दस्तावेजों की जांच जारी कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस फर्जी फर्म और उससे जुड़े लेनदेन के दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

