Mukesh Khanna On Smit Machchhar: दुबई-तेल अवीव फ्लाइट FZ1073 में जानलेवा हमले के बाद भी 174 यात्रियों की सुरक्षित लैंडिंग कराने वाले वीर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार (Captain Smit Machchhar) को राष्ट्रीय सम्मान दिए जाने की मांग अब जोर पकड़ती जा रही है। मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर (Javed Akhtar) द्वारा कैप्टन स्मित को ‘महावीर चक्र’ देने की पुरजोर सिफारिश के बाद अब बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता मुकेश खन्ना (Mukesh Khanna) ने भी इस मुद्दे पर अपना बेबाक समर्थन दिया है। मुकेश खन्ना ने देश के असली नायकों को सर्वोच्च नागरिक और सैन्य सम्मान देने की वकालत की।
मुकेश खन्ना ने क्या कहा?
जावेद अख्तर ने बीते दिन कैप्टन स्मित मुच्छार को महावीर चक्र देने की मांग की थी, इसी पर अब मुकेश खन्ना ने IANS संग बातचीत में अपना सपोर्ट दिया है। साथ ही उन्होंने पुरस्कारों की वर्तमान व्यवस्था और सोच पर सीधा प्रहार किया है।
मुकेश खन्ना ने साफ शब्दों में कहा, “दे दीजिए साहब! इसे इतनी कसकर क्यों पकड़े हुए हैं? ऐसी बहुत सी बातें हैं जो मैं समय-समय पर कहता रहा हूं। मैंने तो पहले भी कई बार कहा था कि अगर आप अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को ‘भारत रत्न’ दे देते हैं, तो यह असल में भारत रत्न सम्मान के लिए ही बड़े गौरव की बात होगी। ठीक उसी तरह, अगर आप कैप्टन स्मित मच्छर जैसे वीर सपूतों को ‘परमवीर चक्र’ या ‘महावीर चक्र’ देते हैं, तो यह उस चक्र का मान बढ़ाएगा। क्योंकि सब जानते हैं कि आजकल यहां लोगों को ये चक्र और सम्मान किस तरह मिलते हैं।”
देश के असली नायकों को मिले उनका वाजिब हक
मुकेश खन्ना के इस बयान ने राष्ट्रीय पुरस्कारों की पारदर्शिता पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कई बार असली हकदारों की जगह सिफारिशों और राजनीतिक निष्ठाओं के आधार पर सम्मान बांट दिए जाते हैं। कैप्टन स्मित मच्छर ने जिस तरह लहूलुहान हालत में कॉकपिट खोलकर और सूझबूझ दिखाकर सैकड़ों जिंदगियां बचाईं, वह अभूतपूर्व साहस का उदाहरण है।
जावेद अख्तर और मुकेश खन्ना जैसे दिग्गज हस्तियों का मानना है कि ऐसे अद्वितीय पराक्रम को केवल तारीफों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मानों से नवाजकर एक नजीर पेश करनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर जांबाज पायलट के सम्मान की लहर
बता दें, इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विक्की कौशल, सनी देओल और तमन्ना भाटिया जैसी हस्तियां कैप्टन स्मित मच्छार के जज्बे को सलाम कर चुकी हैं। अब जावेद अख्तर और मुकेश खन्ना के बयानों के बाद देश भर के लोग और फैंस सोशल मीडिया पर कैप्टन स्मित को राष्ट्रीय पदक देने की मांग कर रहे हैं।

