टैंकर में टक्कर के बाद हाईवे पर बहने लगा पेट्रोल-डीजल:बाल्टियां लेकर तेल भरने लगे लोग, सड़क पर बह गया 3 हजार लीटर डीजल

टैंकर में टक्कर के बाद हाईवे पर बहने लगा पेट्रोल-डीजल:बाल्टियां लेकर तेल भरने लगे लोग, सड़क पर बह गया 3 हजार लीटर डीजल

आगरा के एत्मादपुर स्थित इंडियन ऑयल डिपो से पेट्रोल-डीजल लेकर फिरोजाबाद के रसूलाबाद जा रहे टैंकर में शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे हाईवे पर फतेह सिंह की पुलिया के पास ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में टैंकर का टैंक फट गया और उसमें भरा पेट्रोल-डीजल सड़क पर बहने लगा। तेल का रिसाव होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग डीजल भरने के लिए बाल्टियां ले आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर पेट्रोल-डीजल बहता देख आसपास के लोग ड्रम और बाल्टियां लेकर मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हो गए और बह रहे तेल को भरने की होड़ मच गई। इससे हाईवे पर कुछ देर के लिए स्थिति अराजक हो गई।
टैंकर के परिचालक शिवदत्त ने बताया कि टैंकर एत्मादपुर इंडियन ऑयल डिपो से करीब 3 हजार लीटर पेट्रोल और 9 हजार लीटर डीजल लेकर रसूलाबाद जा रहा था। फतेह सिंह की पुलिया के पास फिरोजाबाद की ओर से आगरा जा रहे ट्रेलर ने टैंकर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टैंकर का टैंक क्षतिग्रस्त होकर फट गया और उसमें भरा ईंधन हाईवे पर फैल गया।
परिचालक के मुताबिक, तेल का हिसाब-किताब होने के बाद करीब 3 से 4 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके की स्थिति को नियंत्रित करने के साथ भीड़ को हटाने का प्रयास किया।
हादसे के बाद हाईवे पर बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल फैलने से आग लगने का खतरा भी बना रहा। पुलिस और संबंधित टीमों ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *