कुण्डेरा थाना पुलिस ने शेरपुर गांव में 75 साल की वृद्ध महिला के पैर से चांदी के कड़े काटकर ले जाने की घटना का खुलासा करते हुए उसके पोते को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला की कम दिखाई देने की स्थिति का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सैनी (20) पुत्र कमलेश सैनी, निवासी शेरपुर के रूप में हुई है। कटर से काटे चांदी के कड़े कुण्डेरा थानाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया- 1 अक्टूबर को रामावतार पुत्र गोपाल निवासी शेरपुर ने गणेश धाम चौकी पर रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी मां मथुरा देवी (75) घर में अकेली थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने कटर से उनके पैर में पहने चांदी के कड़े काटकर ले लिए। कटर से चोट लगने के कारण महिला के पैर में चोट आई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल सवाई माधोपुर में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट पर कुण्डेरा थाने में मामला दर्ज कर जांच एसआई हेमसिंह को सौंपी गई। तकनीकी और मुखबिर तंत्र से आरोपी तक पहुंची पुलिस गणेश धाम चौकी प्रभारी हेमसिंह ने चौकी जाब्ते के साथ घटनास्थल के आसपास जानकारी जुटाई। पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, लगातार प्रयासों के बाद घटना के महज 12 घंटे के भीतर विजय सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पुलिस के सामने आया कि वारदात को महिला के पोते ने ही अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार उसने दादी के कम दिखाई देने का फायदा उठाया और कटर से चांदी के कड़े काटकर ले गया। पुलिस टीम ने की कार्रवाई थानाधिकारी के अनुसार कार्रवाई एसपी सवाई माधोपुर ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन में, एएसपी सवाई माधोपुर राकेश राजौरा आरपीएस और डीएसपी साइबर थाना सवाई माधोपुर जयप्रकाश अटल के निकट सुपरविजन में की गई। कार्रवाई में कुण्डेरा थानाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में गणेश धाम चौकी प्रभारी हेमसिंह उप निरीक्षक और चौकी जाब्ते की भूमिका रही। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है। ये खबर भी पढ़ें… घर में बुजुर्ग महिला से लूट, मुंह में कपड़ा ठूंसा:पैरों पर धारदार हथियार से किए वार, चांदी का कड़ा निकाल ले गए सवाई माधोपुर में घर में अकेली बुजुर्ग महिला के पैर पर धारदार हथियार से हमला कर बदमाश एक पैर से चांदी का कड़ा निकालकर फरार हो गए। बदमाशों ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था। महिला का पोता स्कूल से घर पहुंचा तो घटना का पता चला। पूरी खबर पढ़ें…

