Amit Shah Bhopal Visit : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार रात भोपाल आए। वे आज अनेक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रदेश में नक्सलमुक्ति के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहली बार प्रदेश आए हैं। अब नशा मुक्ति सबसे अहम लक्ष्य है। अमित शाह आज दिनभर व्यस्त रहेंगे। अनेक आयोजनों में हिस्सा लेने के साथ ही उच्चस्तरीय बैठकों में भी शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री अमित शाह आज भौरी के आइसर में अत्रि कैंपस की आधारशिला रखेंगे और गोपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लिए भोपाल में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उनके दौरे के मद्देनजर शहरभर में कार, बाइकों आदि के लिए कई मार्गों को परिवर्तित किया गया है। बाहर से आनेवाली बसें भी शहर के अंदर नहीं आ सकेंगी।
अमित शाह रात को भारतीय वायुसेना के विमान से भोपाल आए
केंद्रीय मंत्री गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रात को भारतीय वायुसेना के विमान से भोपाल आए। सीएम मोहन यादव और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उनका स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री अमित शाह के दौरे और कार्यक्रमों को देखते हुए भोपाल का नया ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। इसकी एडवायजरी जारी की गई है।
ट्रैफिक डायवर्जन प्लान
कार्यक्रम में शामिल होने वाली बसों के लिए महात्मा गांधी चौराहा भेल गेट नंबर-6 और हेम स्कूल पर ड्रॉप एंड गो पॉइंट बनाए गए हैं। इसके बाद बसें जंबूरी मैदान, सीआइएसएफ मैदान, जवाहरलाल नेहरू स्कूल के सामने और सिक्योरिटी लाइन कॉलोनी मैदान पार्किंग में पार्क की जाएंगी।
भारी, मालवाहक एवं व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक भारी, मालवाहक एवं व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अन्नानगर, करियर कॉलेज, महात्मा गांधी चौराहा और भेल दशहरा मैदान के आसपास का मार्ग प्रभावित रहेगा।
लालघाटी से आगे बसें रहेंगी प्रतिबंधित :
महात्मा गांधी चौराहे से कस्तूरबा अस्पताल, गुलाब उद्यान तिराहा होकर आईएसबीटी या चेतक ब्रिज जा सकेंगे। अवधपुरी से एमपी नगर जाने वाले वाहन सेंट जेवियर स्कूल के पीछे से बरखेड़ा मार्केट और एम्स होकर आवागमन करेंगे।
लंबी दूरी की बसें:
इंदौर, गुना और राजगढ़ की ओर से आने वाली बसों का प्रवेश लालघाटी से आगे प्रतिबंधित रहेगा, ये हलालपुर बस स्टैंड तक ही आ सकेंगी। वहीं होशंगाबाद, जबलपुर और सागर मार्ग की बसें आइएसबीटी तक ही आ सकेंगी।

