दौसा में भांकरी रोड स्थित टाउन हॉल में रोजगार उत्सव का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम राज्य स्तरीय आयोजन से ऑनलाइन जुड़ा हुआ था। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों में नवनियुक्त 155 कार्मिकों को नियुक्ति किट प्रदान किए गए। इसके साथ ही नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में मौजूद नवनियुक्त कार्मिकों और युवाओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और युवा एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ का उद्बोधन सुना और संवाद कार्यक्रम देखा। युवाओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। युवाओं से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए समाज एवं प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया गया। नई जिम्मेदारी मिलने पर जताई खुशी नवनियुक्त कार्मिकों ने नई जिम्मेदारी मिलने पर अपनी खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम में उन्हें अपने कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ करने और जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर अरविंद सिंह, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. महेश कुमार, रोजगार विभाग के सहायक निदेशक श्याम सुंदर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और नवनियुक्त कार्मिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन स्वीप प्रभारी डॉ. रामवीर चौधरी ने किया।

