अतीक के 5 करीबियों पर 1 दिन में 3 FIR:प्रयागराज में फर्जीवाड़ा से जमीन बेचकर लाखों हड़पे, रुपये वापस मांगने पर धमकाया

अतीक के 5 करीबियों पर 1 दिन में 3 FIR:प्रयागराज में फर्जीवाड़ा से जमीन बेचकर लाखों हड़पे, रुपये वापस मांगने पर धमकाया

प्रयागराज के पूरामुफ्ती में फर्जीवाड़ा कर जमीन का बैनामा कराने और लाखों रुपये हड़पने के आरोप में अतीक अहमद के पांच करीबियों के खिलाफ 3 FIR दर्ज हुई है। रसूलपुर मरियाडीह की जमीन से जुड़े मामले में प्रीतम नगर निवासी ऋतु कपूर पत्नी अंकित कक्कड़ की तहरीर पर पुलिस ने अबू तैयबा, अब्दुल माजिद, अबू लैश, मोहम्मद शाद और शहवाज निवासी मरियाडीह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा दो और लोगों ने भी अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराई है। बैनामे के बाद भी नहीं दर्ज हुआ खतौनी में नाम
पहले मामले में शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने जमीन की खतौनी में अपना नाम दर्ज होने का फर्जी दस्तावेज दिखाकर 20 सितंबर 2023 को उसके पक्ष में जमीन का बैनामा किया। बैनामे के बाद जब खतौनी में उसका नाम दर्ज नहीं हुआ तो उसने आरोपियों से जानकारी मांगी। जिस पर वह लगातार टालमटोल करते रहे।
खतौनी निकलवाने पर सामने आई गड़बड़ी
ऋतु कपूर के मुताबिक पांच फरवरी 2026 को खतौनी निकलवाने पर उन्हें जमीन के दस्तावेजों में गड़बड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि इस पर सभी गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि फर्जी बैनामा कराकर उससे रकम हड़प ली गई।
तहरीर में आरोपियों पर दबंगई के साथ जमीनों की खरीद-फरोख्त में फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के अतीक अहमद गिरोह से जुड़े होने का भी उल्लेख किया है।
दो मुकदमों की वादी महिलाएं
इस मामले की खास बात यह है कि FIR में नामजद पांचों आरोपियों के खिलाफ जमीन की धोखाधड़ी से जुड़े दो अन्य मुकदमे भी पूरामुफ्ती थाने में ही दर्ज हुए हैं। एक मामले में मीरपुर निवासी विवेक सिंह वादी हैं, जबकि दूसरे मुकदमे में कीडगंज निवासी उमा देवी शिकायतकर्ता हैं।
तीनों मुकदमों में शिकायतकर्ताओं की ओर से एक जैसा आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने जिन जमीनों का बैनामा कराया, उन्हें बेचने या बैनामा करने का अधिकार उनके पास नहीं था। अब पुलिस तीनों मामलों के दस्तावेजों की जांच कर रही है। संबंधित जमीनों की खतौनी, पुराने स्वामित्व रिकॉर्ड और बैनामों का भी मिलान कराया जाएगा। चार आरोपियों पर जुलाई में भी दर्ज हुआ था केस
नामजद आरोपियों में से चार के खिलाफ 29 जुलाई को धूमनगंज थाने में भी मुकदमा दर्ज हुआ था। यह FIR प्रॉपर्टी डीलर अंकित कक्कड़ की शिकायत पर दर्ज की गई थी। इसमें रंगदारी मांगने समेत अन्य आरोप लगाए गए थे। उस मुकदमे में चार आरोपी बनाए गए थे, जिनमें हसनैन उर्फ गुड्डू भाड़ भी शामिल है।
इस पुराने मुकदमे और वर्तमान FIR में सामने आए आरोपों को देखते हुए पुलिस आरोपियों के खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।
3 का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
नामजद आरोपियों में से तीन का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। मोहम्मद शाद और अबू लैश के खिलाफ पहले से पांच-पांच मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अबू तैयबा पर चार मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन मुकदमों का विवरण भी खंगाल रही है।
जमीनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े इन मामलों में आरोपियों की भूमिका, उनके नाम पर दर्ज संपत्तियों और संबंधित बैनामों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस बोली- दस्तावेजों की जांच जारी
पूरामुफ्ती थाना प्रभारी शांतनु सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जमीन से संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *