दवा लेने निकलीं मां-बेटी लापता, नरौरा में मिलीं:अलीगढ़ के गांधीपार्क इलाके से 5 दिन पहले गायब हुई थीं मां-बेटियां

दवा लेने निकलीं मां-बेटी लापता, नरौरा में मिलीं:अलीगढ़ के गांधीपार्क इलाके से 5 दिन पहले गायब हुई थीं मां-बेटियां

गांधीपार्क क्षेत्र से दवा लेने निकलीं 55 वर्षीय मां और उसकी दो बेटियां चार दिन बाद नरोरा में सकुशल मिल गईं। तीनों 27 सितंबर की रात घर से निकली थीं। कुछ देर बाद मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने सर्विलांस से तलाश शुरू की और शुक्रवार शाम लोकेशन नरोरा में मिल गई।
कुंवर नगर कॉलोनी निवासी चाय विक्रेता महेश चंद्र वार्ष्णेय ने पुलिस को बताया कि 27 सितंबर को रात करीब 8 बजे उनकी पत्नी शकुंतला देवी (55), बेटी छाया (23) और भावना (20) दवा लेने गई थीं। रात करीब 10 बजे पत्नी से फोन पर बात हुई तो उन्होंने दवा लेकर लौटने की बात कही। इसके बाद तीनों घर नहीं पहुंचीं। दोबारा फोन किया तो मोबाइल बंद मिला।
महेश ने रिश्तेदारों और बेटों के साथ संभावित स्थानों पर तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिली तो गुरुवार को गांधीपार्क थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने जांच उपनिरीक्षक सुमित कुमार को सौंपी।
सर्विलांस से मिला सुराग, नरोरा पहुंची पुलिस
पुलिस ने तीनों के मोबाइल नंबरों की मदद से तलाश शुरू की। शुक्रवार शाम उनकी लोकेशन नरोरा में मिली। इसके बाद पुलिस टीम परिजनों के साथ नरोरा पहुंची। महेश के मुताबिक तीनों सकुशल मिल गई हैं और उन्हें अलीगढ़ लाया जा रहा है।
तीनों घर से निकलकर नरोरा कैसे पहुंचीं और दवा लेने के बाद उन्होंने वहां जाने का फैसला क्यों किया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और परिजन उनसे बातचीत के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट करेंगे।
परिवार में हाल में हुआ था बड़ा हादसा
परिजनों के मुताबिक परिवार की 24 वर्षीय बड़ी बेटी की हाल में बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद से मां और उसकी बेटियां परेशान थीं। हालांकि, तीनों के नरोरा पहुंचने का इससे कोई संबंध है या नहीं, यह उनके लौटने के बाद ही स्पष्ट होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *