सवाई माधोपुर में गर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल मानटाउन के संयोजन में चल रही 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन शुक्रवार को 17 एवं 19 वर्षीय छात्र वर्ग के लीग मुकाबले खेले गए। विभिन्न मैदानों पर सुबह 6:30 बजे से शुरू हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जीत के लिए जमकर पसीना बहाया और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बने रहने के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। जीत दर्ज करने वाली टीमों के खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। खिलाड़ियों ने जीत के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर जश्न मनाया, वहीं प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य राउमावि मानटाउन चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि शुक्रवार सुबह की पारी में पांचों मैदानों पर कुल 39 मुकाबले हुए। समाचार लिखे जाने तक मुकाबले जारी थे। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि आयोजन टीम की ओर से खिलाड़ियों और उनके साथ आए सदस्यों के लिए आवास, भोजन और आवागमन सहित सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से की जा रही हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों और कार्मिकों के लिए शुक्रवार शाम भोजन की व्यवस्था स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, टीम सदस्य राजेश गोयल, रामहरि चौधरी और दीपक मीणा की ओर से की गई। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार शर्मा और निदेशालय द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक एवं राउमावि आलनपुर के प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा ने विभिन्न मैदानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। ये रहे प्रमुख परिणाम पुलिस लाइन मैदान: 19 वर्ष वर्ग में अलवर ने सिरोही को 39-36, दौसा ने डीग को 20-6, श्रीगंगानगर ने देवगढ़ को 33-15, उदयपुर ने जालोर को 19-6, हनुमानगढ़ ने बीकानेर को 39-18, भीलवाड़ा ने टोंक को 36-18, अजमेर ने फलोदी को 33-22 और जयपुर प्रथम ने झुंझुनूं को 47-46 से हराया। फतेह पब्लिक स्कूल मैदान: 19 वर्ष वर्ग में उदयपुर ने चित्तौड़गढ़ को 36-18 से हराया। 17 वर्ष वर्ग में झुंझुनूं ने चूरू को 62-2, डीडवाना-कुचामन ने दौसा को 39-9, अलवर ने राजसमंद को 22-0, श्रीगंगानगर ने जोधपुर को 53-44, ब्यावर ने करौली को 18-2, देवगढ़ ने कोटपूतली-बहरोड़ को 18-13 और बीकानेर ने बांसवाड़ा को 35-21 से पराजित किया। दशहरा मैदान पूर्व: 17 वर्ष वर्ग में खेल छात्रावास सीकर ने भरतपुर को 42-6 और सीकर ने सवाई माधोपुर को 19-6 से हराया। 19 वर्ष वर्ग में सीकर ने बूंदी को 23-6, सीकर अकादमी ने राजसमंद को 30-19, पाली ने जयपुर द्वितीय को 42-24 और बाड़मेर ने डीडवाना-कुचामन को 30-27 से हराया। 17 वर्ष वर्ग में जैसलमेर ने जयपुर द्वितीय को 32-9, जबकि खेल छात्रावास सीकर ने जैसलमेर अकादमी को 33-23 से पराजित किया। दशहरा मैदान पश्चिम: 17 वर्ष वर्ग में भीलवाड़ा ने उदयपुर को 56-36, जयपुर ने बारां को 26-8, बाड़मेर ने खैरथल-तिजारा को 24-7, कोटा ने जोधपुर को 35-11, पाली ने टोंक को 16-6 और हनुमानगढ़ ने फलोदी को 24-6 से हराया। 19 वर्ष वर्ग में कोटा ने जोधपुर को 54-35 और सीकर ने जैसलमेर को 33-22 से हराया। सेंट एंसलम स्कूल मैदान: 19 वर्ष वर्ग में बूंदी ने सलूम्बर को 30-2, बांसवाड़ा ने सवाई माधोपुर को 48-21 और नागौर ने खैरथल-तिजारा को 25-9 से हराया। 17 वर्ष वर्ग में सीकर ने बालोतरा को 14-0, चित्तौड़गढ़ ने बूंदी को 38-5, डूंगरपुर ने डीग को 19-15 और नागौर ने जैसलमेर अकादमी को 64-4 से हराया।प्रतियोगिता के दौरान सभी मैदानों पर खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। मुकाबले देखने के लिए खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह नजर आया।

