नयी दिल्ली, दो अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात की और उनकी बहादुरी की सराहना की। कैप्टन स्मित ने इजराइल जा रहे फ्लाईदुबई के विमान को कथित तौर पर दुर्घटनाग्रस्त करने की अपने सह-पायलट की कोशिश को नाकाम कर दिया था। सरकारी सूत्रों के अनुसार, फोन पर हुई बातचीत के दौरान मच्छार ने इस घटना के अपने अनुभव और मुश्किल परिस्थिति में साहस जुटाने के बारे में प्रधानमंत्री को बताया।
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पायलट के साहस की सराहना की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने बृहस्पतिवार को कहा था कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद और अत्यंत संकट के क्षणों में भी मच्छार ने दूसरों की जान बचाने के लिए असाधारण धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। मोदी ने कहा था कि मच्छार एक ‘‘नायक’’ हैं और उनके पराक्रम ने सैकड़ों लोगों की जान बचाकर एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।
प्रधानमंत्री ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए यह भी कहा था कि फ्लाईदुबई विमान के पायलट ने अद्भुत धैर्य, सूझबूझ और बहादुरी दिखाई। उन्होंने कहा था, ‘‘जैसा कि इजराइल के प्रधानमंत्री (बेंजामिन नेतन्याहू) ने भी कहा कि इस भारतीय सपूत ने 9/11 जैसी भयानक साजिश को नाकाम कर दिया। स्मित की इस बहादुरी से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।’’
मोदी ने मच्छार की पत्नी और उनके माता-पिता से भी बात की और सैकड़ों लोगों की जान बचाने के उनके साहस को नमन किया।
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 ने बुधवार को आपात संकेत भेजे थे। इसके बाद विमान 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से 17,000 फुट से अधिक नीचे आ गया। बाद में उसका मार्ग सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाईअड्डे की ओर मोड़ दिया गया।
विमान में 27 बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में पायलट खून से लथपथ, ऑक्सीजन मास्क पहने और विमान की ‘गैली’ में पीठ के बल लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने पहले के बयान में कहा था कि एक इजराइली यात्री ने उन्हें बताया कि विमान तेजी से घूमने लगा और नीचे उतरने लगा।
इसके बाद यात्री और चालक दल का एक सदस्य कॉकपिट में घुसने में कामयाब रहा और दोनों ने मिलकर उस पायलट पर काबू पाया, जिसने विमान की प्रणाली को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के दौरान मच्छार पर चाकू से हमला किया था।

