Bihar विधान परिषद चुनाव: Congress ने 5 सीटों पर उतारे प्रत्याशी, 3 पर RJD से होगा मुकाबला

Bihar विधान परिषद चुनाव: Congress ने 5 सीटों पर उतारे प्रत्याशी, 3 पर RJD से होगा मुकाबला

पटना, दो अक्टूबर बिहार विधान परिषद के चुनाव के लिए कांग्रेस ने जिन पांच सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें से तीन पर सीधा मुकाबला उसके सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से हो सकता है। बिहार के द्विसदनीय विधानमंडल के उच्च सदन की आठ सीट के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की चार-चार सीट का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है।

बृहस्पतिवार देर शाम कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी स्वीकृत सूची के अनुसार, पार्टी ने दरभंगा शिक्षक सीट से अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को फिर से चुनावी मैदान में उतारा है। राजद ने इस सीट से अभी अपना कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इसी तरह, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस ने संजय यादव को उम्मीदवार बनाया है।

इस सीट से भी राजद चुनाव नहीं लड़ रहा है। हालांकि, कांग्रेस ने कोसी स्नातक सीट से मनोज कुमार जायसवाल, दरभंगा स्नातक सीट से रजनीकांत पाठक और पटना स्नातक सीट से असदुल्लाह खान को उम्मीदवार बनाया है और इन तीनों ही सीट पर राजद भी अपने उम्मीदवार उतार चुका है। राजद ने पिछले महीने छह सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी और कहा था कि ‘‘शेष सीट पर फैसला लिया जाना बाकी है।’’
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में वे लोग मतदान करने के पात्र हैं, जिनके पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम तीन वर्ष पुरानी स्नातक की डिग्री है और जो संबंधित क्षेत्र के निवासी हैं।

इसी तरह, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में माध्यमिक विद्यालयों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में कम से कम तीन वर्ष का शिक्षण अनुभव रखने वाले लोग मतदान कर सकते हैं। दोनों ही मामलों में मतदाता का नाम इस उद्देश्य के लिए तैयार की गई मतदाता सूची में दर्ज होना अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *