सुरक्षा की मांग करने वाले RDVV के कुलसचिव का तबादला:कुलगुरु-राज्यपाल को पत्र लिखकर कहा था- यहां काम का माहौल नहीं, भय-डर रहता है

सुरक्षा की मांग करने वाले RDVV के कुलसचिव का तबादला:कुलगुरु-राज्यपाल को पत्र लिखकर कहा था- यहां काम का माहौल नहीं, भय-डर रहता है

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) जबलपुर के कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल का गुना तबादला कर दिया गया है। उन्होंने कुछ दिन पहले कुलगुरु और राज्यपाल को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय में काम करने के माहौल को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने खुद को और अपने परिवार को खतरा होने की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग भी की थी। कर्मचारी के निलंबन के बाद षड्यंत्र की आशंका जताई डॉ. सोनवाल ने कुलगुरु को लिखे पत्र में कहा था कि वे जबलपुर में अकेले निवास कर रहे हैं। उन्होंने एक कर्मचारी को निलंबित किया था, जिसके बाद उनके खिलाफ षड्यंत्र या कुचक्र रचे जाने की आशंका है। उन्होंने झूठी शिकायत किए जाने और खुद को नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका भी जताई थी। उन्होंने कार्यालय और निवास पर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की थी, ताकि वे भयमुक्त होकर काम कर सकें। बोले- लगातार तनाव में कर रहे काम डॉ. सोनवाल ने 16 अगस्त को कुलगुरु प्रोफेसर राजेश कुमार वर्मा को पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने कहा था कि विश्वविद्यालय में काम करने का वातावरण ठीक नहीं है और वे लगातार तनाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में बार-बार झूठी शिकायत और षड्यंत्र की स्थिति बनने की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा था कि परिस्थितियां इतनी जटिल हैं कि उनका पूरा विवरण दिया जाए तो एक किताब लिखी जा सकती है। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री से किसी दूसरे विश्वविद्यालय में स्थानांतरण की मांग की थी, ताकि वे और उनका परिवार भय और तनाव से मुक्त वातावरण में रह सकें। विवि के कुलसचिव का पद खाली गुरुवार को उच्च शिक्षा विभाग ने तबादले का आदेश जारी किया। राज्यपाल के नाम से अपर सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार डॉ. रविशंकर सोनवाल को क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना का कुलसचिव नियुक्त किया गया है। बताया गया है कि उच्च शिक्षा विभाग ने करीब आधा दर्जन कुलसचिवों के तबादले किए हैं। हालांकि, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में कुलसचिव के पद पर फिलहाल किसी अन्य अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *