पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन थाने की बांता चौकीप्रभारी एएसआई जीवाराम पर मारपीट करने और 25 हजार रुपए छीनने के आरोप लगे हैं। घटना 30 सितंबर की रात बांता-पांचेटिया गांव के बीच की बताई जा रही है। मामले में वाडिया गांव निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी है। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। शिकायत में बताया गया कि 30 सितंबर की रात करीब साढ़े 8 बजे वह सोमेसर से अपने गांव वाडिया लौट रहा था। पांचेटिया-बांता के बीच सुनसान जगह पर एक बोलेरो ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे उसकी गाड़ी पीछे से बोलेरो से टकरा गई। कागजात दिखाने के बाद थप्पड़ मारने का आरोप शिकायतकर्ता के अनुसार, बोलेरो में बांता चौकीप्रभारी एएसआई जीवाराम सहित कुछ लोग सवार थे। एएसआई ने उससे गाड़ी के कागजात मांगे। उसने कागजात दिखा दिए, लेकिन इसके बाद भी उसके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि एएसआई ने उसे चौकी चलने के लिए कहा और 25 हजार रुपए ले लिए। इसके बाद उसने फोन कर कुशलसिंह, आनंदसिंह सहित अन्य लोगों को मौके पर बुलाया। ग्रामीणों के जुटने और हंगामा होने पर एएसआई वहां से चले गए। झाड़ियों में वर्दी, बेल्ट और आई कार्ड फेंकने का आरोप शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्रामीणों के जुटने के बाद एएसआई जीवाराम ने अपनी पहचान छिपाने के लिए गाड़ी में रखी वर्दी, बेल्ट और आई कार्ड झाड़ियों में फेंक दिए और वहां से चले गए। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। SHO बोले- एएसआई गैरहाजिर हैं मारवाड़ जंक्शन थानाप्रभारी सहदेव चौधरी ने बताया कि एएसआई जीवाराम से उनकी बात नहीं हुई है। वे गैरहाजिर हैं। उन्होंने कहा कि गाड़ी टकराने की बात को लेकर विवाद होना सामने आया था। थानाप्रभारी ने बताया कि वे एक मामले में हाईकोर्ट गए हुए थे। फिलहाल इस मामले को लेकर कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। एएसआई जीवाराम का मोबाइल भी बंद आ रहा है।

