जीनत अमान ने जैसलमेर में अपनी फिल्म की शूटिंग के दौरान बिताए समय को याद करते हुए यहां की सुनहरी रेत, खूबसूरत बाग-बगीचों और शांत माहौल की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि इस जगह की खास रोशनी, खिड़की से बाहर के नजारे और शूटिंग के बीच मिला सुकून उनके लिए यादगार रहा और ये पल लंबे समय तक जेहन में रहेंगे। जीनत अमान करीब 10 से 15 दिन जैसलमेर में ‘रॉयल्स-2’ की शूटिंग के लिए रही थीं। होटल सूर्यगढ़ ने उनके जैसलमेर प्रवास की तस्वीरें और झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। इससे पहले भी वे फिल्म ‘अब्दुल्ला’ की शूटिंग के दौरान जैसलमेर आ चुकी हैं। 10-15 दिन जैसलमेर में रहीं जीनत अमान जीनत अमान हाल ही में अपनी फिल्म ‘रॉयल-2’ की शूटिंग के सिलसिले में करीब 10 से 15 दिनों तक जैसलमेर में रहीं। इस दौरान अभिनेता ईशान खट्टर, अभिनेत्री भूमि पेडनेकर और नोरा फतेही भी शूटिंग के लिए जैसलमेर आए थे। शूटिंग पूरी होने के बाद जीनत अमान यहां से लौट गईं। जैसलमेर को बताया जादू जैसलमेर से जुड़ी अपनी भावनाएं साझा करते हुए जीनत अमान ने कहा कि जब आप इस खूबसूरत जगह पर खुद को पाते हैं तो यहां का जादू महसूस होता है। राजस्थान की सुनहरी रेत, खूबसूरत बाग-बगीचे और यहां का खास सन्नाटा किसी का भी दिल जीत सकता है। उन्होंने अपने संदेश में फिल्मी दुनिया में लंबे समय तक रहने के अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि हमेशा सिर्फ फिल्मों के दृश्य ही याद नहीं रहते। कई बार वह जगह, वहां की खास रोशनी, खिड़की से बाहर का नजारा और शॉट्स के बीच मिलने वाला शांत वक्त ही असली यादें बन जाता है। जीनत अमान ने कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि जैसलमेर की ये यादें उनके जेहन में लंबे समय तक ताजा रहेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक उन्हें इस प्रोजेक्ट के बारे में खुलकर बताने की अनुमति नहीं मिलती, तब तक वे जैसलमेर की यह छोटी सी झलक सभी के साथ साझा कर रही हैं। 1980 में भी जैसलमेर आई थीं जीनत अमान का जैसलमेर से पुराना नाता रहा है। वे इससे पहले फिल्ममेकर राज कपूर और अभिनेता-निर्देशक संजय खान के साथ फिल्म ‘अब्दुल्ला’ की शूटिंग के सिलसिले में जैसलमेर आ चुकी हैं। दशकों पहले ‘अब्दुल्ला’ की शूटिंग के दौरान थार रेगिस्तान में बिताए दिन आज भी उनकी पुरानी यादों का हिस्सा हैं। होटल सूर्यगढ़ ने शेयर कीं तस्वीरें ‘रॉयल-2’ की शूटिंग के लिए जीनत अमान की एक बार फिर जैसलमेर वापसी ने पुरानी यादें ताजा कर दीं। होटल सूर्यगढ़ के सोशल मीडिया हैंडल पर उनकी तस्वीरें सामने आने और जैसलमेर की तारीफ किए जाने के बाद फैंस में भी उत्साह है। जैसलमेर की संस्कृति और शांत माहौल ने एक बार फिर बॉलीवुड से जुड़े कलाकारों का ध्यान खींचा है। नेटफ्लिक्स सीरीज ‘द रॉयल्स’ के सीजन-2 की शूटिंग नेटफ्लिक्स की भारतीय रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा सीरीज ‘द रॉयल्स’ के सीजन-2 की शूटिंग राजस्थान में जारी है। इसमें जीनत अमान ‘भाग्यश्री देवी’ यानी माजी/भाबीसा का शाही, प्रभावशाली और कड़क किरदार निभा रही हैं। पहले सीजन में साक्षी तंवर के साथ उनकी जुगलबंदी और ‘बॉस लेडी’ अंदाज को दर्शकों ने पसंद किया था। सीजन-2 में भी वे इसी शाही अंदाज में नजर आ रही हैं।

