उन्नाव में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर गुरुवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा दही थाना क्षेत्र में रात करीब 8:30 बजे हुआ। मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के बंधुहर गांव निवासी श्याम बहादुर (57) पुत्र माता प्रसाद के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि श्याम बहादुर गुरुवार रात बाइक से हाईवे से होकर जा रहे थे। इसी दौरान दही थाना क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक श्याम बहादुर की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद कुछ देर हाईवे पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही। दही थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में बंधुहर निवासी श्याम बहादुर की मौत हुई है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। वाहन की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

