तुर्की में फैक्ट्री में हुआ धमाका, 7 मजदूर घायल

तुर्की में फैक्ट्री में हुआ धमाका, 7 मजदूर घायल

तुर्की (Turkey) में आज एक धमाके से हड़कंप मच गया! यह धमाका इजमिर (Izmir) शहर के तोरबाली (Torbalı) में स्थित एक मेटल फैक्ट्री में उस समय हुआ, जब वहाँ काम चल रहा था। स्थानीय मीडिया ने इस बारे में जानकारी दी। अचानक हुए इस धमाके से चीखपुकार मच गई।

7 मजदूर घायल

तुर्की के इजमिर शहर में स्थित मेटल फैक्ट्री में हुए इस धमाके की वजह से वहाँ काम करने वाले 7 मजदूर घायल हो गए। इमरजेंसी टीम ने एम्बुलेंस की व्यवस्था करते हुए घायल मजदूरों को कुछ समय में ही नज़दीकी अस्पतालों में भेज दिया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार घायलों में से 3 मजदूरों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

आग पर पाया गया काबू

धमाके की वजह से मेटल फैक्ट्री में आग लग गई। ऐसे में फायर डिपार्टमेंट की टीम के साथ ही इमरजेंसी टीम ही तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने में कुछ समय लगा, लेकिन इसे बुझाने में फायर फाइटर्स को कामयाबी मिली।

किस वजह से हुआ धमाका?

मेटल फैक्ट्री में यह धमाका किस वजह से हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि मामले की जांच शुरू हो गई है और धमाके की वजह का जल्द से जल्द पता लगाने की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार जिस फैक्ट्री में धमाका हुआ, उसका नाम इकी मेटल प्लांट था, जो इजमिर शहर के तोरबाली में सुबासी महल्लेसी इलाके में स्थित है। बताया जा रहा है कि धमाका जेंडरमेरी बॉयलर के खराब होकर फटने के कारण हुआ, लेकिन ऐसा क्यों हुआ, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

तुर्की का तीसरा सबसे ज़्यादा आबादी वाला शहर है इजमिर

इजमिर को ऐतिहासिक रूप से स्मर्ना के नाम से जाना जाता था, जो ग्रीक भाषा का शब्द है। बाद में इसका नाम इजमिर किया गया। इस्तांबुल और अंकारा के बाद इजमिर तुर्की का तीसरा सबसे ज़्यादा आबादी वाला शहर है और एजियन सागर के किनारे बसा सबसे बड़ा मेट्रोपॉलिटन इलाका है। यह अनातोलिया के एजियन तट पर स्थित है और इजमिर प्रांत की राजधानी है। इज़मिर का 3,000 साल से ज़्यादा का लिखित शहरी इतिहास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *