आगर मालवा जिले के सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव के बाद स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गुरुवार को डग रोड स्थित आईटीआई कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम के बाहर पहरा दे रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो संदिग्ध व्यक्तियों के बिना पास अंदर घुसने पर ऐतराज जताया, जिससे मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। घटना के दौरान स्ट्रांग रूम के बाहर तंबू लगाकर निगरानी कर रहे कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार, विधायक प्रतिनिधि एडवोकेट राणा चित्तरंजन सिंह, दीपक राठौर और दीपक भावसार समेत भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जमा हो गए। कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार ने सीधा आरोप लगाया कि अंदर जाने वाले दोनों व्यक्तियों के पास मोबाइल फोन थे और उन्होंने पूछने पर कलेक्टर का फोन आने का दावा किया। पाटीदार ने सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब स्ट्रांग रूम परिसर में मोबाइल ले जाना सख्त मना है, तो फिर इन लोगों को फोन के साथ अंदर जाने की इजाजत किसने और क्यों दी। एसडीएम दफ्तर पहुंचा मामला सुरक्षा में चूक की शिकायत लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंच गया। मामले को बढ़ता देख निर्वाचन अधिकारी देवकुंवर सोलंकी ने स्थिति साफ की। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर को होने वाली मतगणना की तैयारियों, तकनीकी व्यवस्थाओं और सुरक्षा का जायजा लेने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी तरफ से ही आईटीआई कॉलेज भेजा गया था। अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत निर्वाचन अधिकारी और एसडीएम की ओर से पूरी बात स्पष्ट किए जाने और समझाइश दिए जाने के बाद मामला शांत हो सका। 29 सितंबर को मतदान संपन्न होने के बाद से ही ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता आईटीआई कॉलेज के बाहर दिन-रात तंबू लगाकर कड़ा पहरा दे रहे हैं। अब सभी को 3 अक्टूबर को होने वाली मतगणना का इंतजार है।

