PDA कॉलोनी में यूनियन बैंक के कर्मचारियों ने की सफाई:प्रयागराज में पौधे लगाकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया

PDA कॉलोनी में यूनियन बैंक के कर्मचारियों ने की सफाई:प्रयागराज में पौधे लगाकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया

प्रयागराज में स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से बुधवार को प्रयागराज के मौसम विहार में ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहर में हरित वातावरण को बढ़ावा देने के साथ लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, प्रयागराज के क्षेत्र प्रमुख शशिकांत प्रसाद ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वृक्षारोपण केवल वर्तमान समय में पर्यावरण को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण तैयार करने की दिशा में भी जरूरी कदम है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। शपथ में हर वर्ष देश को स्वच्छ बनाने के लिए 100 घंटे श्रमदान करने, स्वयं गंदगी नहीं करने और दूसरों को भी गंदगी करने से रोकने का संकल्प लिया गया। यूनियन बैंक की ओर से बताया गया कि ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत देशभर में स्वच्छता, जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष अभियान का विषय ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखा गया है। बैंक की ओर से आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम को भी इसी अभियान का हिस्सा बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी सक्रिय रूप से भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *