इलाहाबाद हाईकोर्ट बार के नवनिर्वाचित महासचिव संतोष कुमार मिश्रा ने जीत के बाद प्रेस मिलन वार्ता में अधिवक्ताओं के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने एसआरएन, बेली और काल्विन अस्पतालों में अधिवक्ताओं के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था कराने का प्रयास करने की बात कही। साथ ही अधिवक्ताओं और उनके परिवार के इलाज के लिए कैशलेस सुविधा वाला विशेष हेल्थ कार्ड जारी कराने के लिए संबंधित विभागों और अस्पताल प्रबंधन से वार्ता करने की बात कही। हाईकोर्ट के आसपास जाम की समस्या को लेकर उन्होंने जिले के उच्च अधिकारियों से जल्द वार्ता करने की बात कही। चेंबर आवंटन व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और युवा व जरूरतमंद अधिवक्ताओं को प्राथमिकता देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात कर अधिवक्ताओं की समस्याओं पर चर्चा करेंगे। उन्होंने समर्थन के लिए सभी अधिवक्ताओं का आभार जताया।

