गुरुग्राम में डेटा एनालिस्ट समेत दो युवकों की मौत:ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, पार्ट-टाइम रैपिडो चलाता था मृतक, दोनों मध्यप्रदेश के रहने वाले

गुरुग्राम में डेटा एनालिस्ट समेत दो युवकों की मौत:ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, पार्ट-टाइम रैपिडो चलाता था मृतक, दोनों मध्यप्रदेश के रहने वाले

गुरुग्राम में सेक्टर-18 स्थित सरहौल में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार आईटी कंपनी के एक डेटा एनालिस्ट सहित दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय सौरभ विश्वकर्मा और दिव्यांश के रूप में हुई है। सौरभ विश्वकर्मा मूल रूप से मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागोद के रहने वाले थे। वह गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित प्रसिद्ध आईटीसी कंपनी में बतौर डेटा एनालिस्ट कार्यरत थे। सौरभ का परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से मोलाहेड़ा इलाके में किराए पर रह रहा था। वहीं, इस हादसे का शिकार हुए दूसरे युवक दिव्यांश मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पास विदिशा के निवासी थे। पार्ट टाइम रैपिडो चलाते थे सौरभ बेहद मेहनती युवक थे। वह अपनी नियमित कॉर्पोरेट नौकरी के अलावा, आर्थिक रूप से मजबूत होने के लिए ऑफिस आने-जाने के समय पार्ट-टाइम रैपिडो बाइक टैक्सी चलाया करते थे। रोजाना की तरह आज सुबह भी सौरभ अपने घर से सेक्टर-56 स्थित ऑफिस के लिए निकले थे। पड़ोसी को लिफ्ट दी इसी दौरान उन्होंने अपने पड़ोसी दिव्यांश को अपनी बाइक पर लिफ्ट दी थी। दिव्यांश के साथ जब वे सेक्टर-18 सरहौल के पास पहुंचे, तभी यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सरहौल क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बेहद लापरवाही और तेज गति से आ रही थी। चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सौरभ की बाइक को पीछे से अपनी चपेट में ले लिया। कुचलते हुए निकल गई ट्रैक्टर-ट्रॉली टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सौरभ और दिव्यांश दोनों उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और ट्रैक्टर का भारी पहिया उनकी बाइक को रौंदता हुआ निकल गया। हेलमेट पहने होने के बावजूद दोनों युवकों के सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण अत्यधिक खून बह जाने से दोनों की मौत हो गई। गहरी चोट से दोनों की मौत राहगीरों ने तुरंत इस मामले की सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-18 थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुँचे। पुलिस ने तुरंत दोनों युवकों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें ‘मृत घोषित’ कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर दोनों के शवों को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है और मृतकों के परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही सौरभ की मौत की खबर मिलते ही मोलाहेड़ा में रह रहे उनके परिवार में कोहराम मच गया है। पड़ोसियों ने बताया कि सौरभ अपने परिवार का बड़ा सहारा था और बेहद होनहार था। पुलिस ने पीड़ित परिवारों की शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है और नंबर प्लेट के आधार पर आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *