अजमेर के अजयनगर में मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए दो नकाबपोश बदमाशों को रामगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने चेन, चोरी की दो बाइक और अलग-अलग क्षेत्र से चुराए गए चार एंड्रॉयड मोबाइल की फोन भी बरामद किए। अजमेर एसपी हर्ष वर्धन अग्रवाला ने बताया-गिरफ्तार आरोपितों में 29 मील गुलाबपुरा, भीलवाड़ा निवासी सिराज उर्फ सूरज (24) पुत्र किशोर बंजारा व गंज खेड़ली बड़ी पोखरा जिला अलवर निवासी अरूण (22) पुत्र कैलाश है। दोनों को चेन स्नेचिंग के दर्ज हुए मुकदमे में गिरफ्तार किया गया है। दोनों से अन्य वारदात के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। मंदिर जाते समय वृद्धा को बनाया निशाना दोनों आरोपियों ने जीवतराम कॉलोनी, अजयनगर निवासी ज्योति (68) को 29 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे वारदात का शिकार बनाया। उस दौरान वह टहलते हुए शिव मंदिर जाने के दौरान चबूतरे पर बैठी थीं। इस दौरान बाइक पर दो युवक आए। दोनों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। बदमाशों ने झपट्टा मारकर वृद्धा के गले से करीब डेढ़ तोला सोने की चेन तोड़ी और मौके से चंपत हो गए। पीड़िता के बेटे अनिल रोहरा की रिपोर्ट पर रामगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया। । पुलिस देख भगाई बाइक, रास्ते में फिसले डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत व कांस्टेबल रामनिवास को मुखबिर से सूचना मिली कि चेन स्नैचिंग की वारदात में में प्रयुक्त बाइक पर दो युवक गुलाबपुरा से अजमेर की तरफ आ रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने रास्ते में घेराबन्दी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख दोनों बदमाश बाइक को गलियों में भगाते हुए पुरानी सड़क से दरगाह की ओर जाने वाले रास्ते पर पहुंच गए। इसी दौरान बाइक फिसलने से दोनों गिर गए और चोटिल हो गए। पुलिस ने दोनों को डिटेन किया और पहले जेएलएन अस्पताल में ले जाकर उपचार कराया। उनसे जब पूछताछ की गई तो दोनों ने अजयनगर में वृद्धा से चेन स्नैचिंग करना स्वीकार कर लिया। चोरी की बाइक से करते थे वारदात पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चेन स्नैचिंग की वारदात में प्रयुक्त बाइक को भी केसरगंज सब्जी मंडी से चोरी करना बताया। साथ ही उन्होंने एक और बाइक को एक माह पूर्व सेंट फ्रांसिस अस्पताल के पास से चोरी करने की बात कबूली। आरोपियों ने अजमेर शहर के अलग-अलग स्थानों से चार एंड्रॉयड मोबाइल भी चोरी करने की वारदातें भी स्वीकार की हैं। पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। जिन्हें भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

