Army Nayak Devendra Singh Gurjar Heart Attack Death: नीमकाथाना (सीकर): जैसलमेर में भारतीय सेना में तैनात सीकर जिले के नीमकाथाना एरिया के तहत आने वाले मालनगर निवासी नायक देवेंद्र सिंह गुर्जर (55) का मंगलवार को आकस्मिक निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई। जवान के निधन की सूचना मिलते ही मालनगर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार और ग्रामीणों में गम का माहौल है।
सीने में अचानक हुआ था तेज दर्द
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे नायक देवेंद्र सिंह गुर्जर के सीने में अचानक दर्द हुआ। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए मिलिट्री हॉस्पिटल, जैसलमेर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
साल 1992 में आर्मी में हुए थे भर्ती
नायक देवेंद्र सिंह गुर्जर वर्ष 1992 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती जैसलमेर में थी। करीब तीन दशक से अधिक समय तक सेना में सेवाएं देने वाले देवेंद्र सिंह के निधन की खबर उनके गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने पहुंचने लगे। उनके परिवार में भी शोक का माहौल है। उनका एक बेटा भी सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा है।
देर रात तक गांव पहुंचेगी पार्थिव देह
नायक देवेंद्र सिंह गुर्जर की पार्थिव देह बुधवार देर रात तक मालनगर पहुंचने की संभावना है। पार्थिव देह के गांव पहुंचने के बाद सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। अंतिम संस्कार की तैयारियों को लेकर परिजन और ग्रामीण जुटे हुए हैं।
सुबह निकलेगी तिरंगा यात्रा
जवान के सम्मान में गुरुवार सुबह तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। तिरंगा यात्रा की शुरुआत गुर्जर छात्रावास से होगी। इसमें क्षेत्र के युवा, ग्रामीण और शहरवासी बड़ी संख्या में शामिल होकर नायक देवेंद्र सिंह गुर्जर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। नायक देवेंद्र सिंह गुर्जर के आकस्मिक निधन से परिवार, साथी जवानों और क्षेत्रवासियों में शोक है। ग्रामीणों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

