सीतामऊ फाटक ओवरब्रिज पर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर दिया। कुछ दिन पहले ब्रिज से ऊंट गिरने से उसकी मौत हो गई थी। मंगलवार को एक गाय भी ब्रिज से नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। लगातार दो मवेशियों के गिरने की घटना के बाद रहवासियों में नाराजगी है। लोगों ने ब्रिज पर ऊंची लोहे की जाली लगाने और नीचे अंडरब्रिज बनाने की मांग की। रेलिंग की ऊंचाई पर उठाए सवाल पार्षद प्रतिनिधि शैलेंद्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि ब्रिज की रेलिंग पर्याप्त ऊंची नहीं है। इसी वजह से मवेशियों के गिरने की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में किसी व्यक्ति के गिरने की आशंका भी बनी रहेगी। रहवासियों ने लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। अधिकारी बोले- नियम के अनुसार बनी है रेलिंग लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण के अनुविभागीय अधिकारी प्रवीण नरवरे ने बताया कि यह ब्रिज करीब 6 साल से चालू है और इसकी रेलिंग नियमों के अनुसार बनाई गई है। उन्होंने लोगों की मांग और मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाने की बात कही। चक्काजाम के कारण कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने रास्ता खोल दिया। लोगों ने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर फिर विरोध करने की बात कही।

