केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पंजाब में मादक पदार्थ की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि सरकार ने प्रतिबंधित पदार्थ के कारोबार को खुलेआम चलने दिया। अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए समर्थन की अपील करते हुए शाह ने कहा कि उनकी पार्टी 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को ‘‘चिट्टा’’ (हेरोइन) से मुक्त कर देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव “नशा मुक्त पंजाब” के मुद्दे पर लड़ेगी।
अपनी पार्टी के पंजाब को नशे के खतरे से मुक्त करने के संकल्प के बारे में महिलाओं को आश्वस्त करते हुए, उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने नक्सलवाद और आतंकवाद का उन्मूलन कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने पंजाब के जालंधर जिले के परागपुर में पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन के अवसर पर आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, “हमने इसे कश्मीर में किया है, हमने इसे पूर्वोत्तर में किया है। हमने नक्सलवाद को खत्म किया है, आतंकवाद का अंत किया है।
हमें एक मौका दीजिए, हम पंजाब से चिट्टा मिटा देंगे।”
पार्टी की यह यात्रा 18 सितंबर को शुरू हुई थी। शाह ने कहा, “मैं पंजाब की माताओं और युवाओं से वादा करता हूं – इस चुनाव में भाजपा का समर्थन करें, ‘कमल’ को वोट दें और 31 दिसंबर, 2029 से पहले, हम पंजाब को चिट्टा के व्यापार से मुक्त कर देंगे।”
उन्होंने कहा, ‘‘क्या ‘आप’ पंजाब को नशा-मुक्त बना सकती है? सिर्फ भाजपा ही पंजाब को नशा-मुक्त बना सकती है।’’
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली ‘आप’ सरकार पर निशाना साधते हुए शाह ने आरोप लगाया कि सरकार ने पंजाब में ‘‘चिट्टा’’ का कारोबार खुलेआम चलने दिया।
जालंधर पहुंचने पर गृह मंत्री ने यहां श्री देवी तालाब मंदिर में पूजा-अर्चना की। बाद में उन्होंने नशे की समस्या से प्रभावित कुछ परिवारों से मुलाकात की। शाह ने कहा, “मैं उन परिवारों से मिला जिन्होंने नशे की लत के कारण अपने प्रियजनों को खो दिया।
दो बेटों की तस्वीरें थामे एक मां ने कहा कि नशे के अभिशाप को समाप्त किया जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि महिला ने उन्हें बताया कि उसने अपने बेटों को इस अभिशाप के कारण खो दिया है, लेकिन किसी अन्य मां को उसके जैसी स्थिति का सामना नहीं करना चाहिए। शाह ने कहा, “आज, मैं पंजाब के लोगों को बताने आया हूं – आगामी चुनाव में कई मुद्दे हैं। किसानों के मुद्दे हैं, उद्योग के मुद्दे हैं, कानून-व्यवस्था के मुद्दे हैं और फिर महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा है।”
उन्होंने कहा, “हालांकि, भाजपा आगामी चुनाव केवल नशा-मुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ेगी।”
किसी का नाम लिए बिना, उन्होंने कहा कि जो लोग खुद नशे में रहते हैं और सिख गुरुओं का अनादर करते हैं, वे पंजाब को नशे से मुक्त नहीं कर सकते।
रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, “जब मैं कहता हूं कि हम 31 दिसंबर, 2029 से पहले पंजाब को नशा-मुक्त बना देंगे, तो (आप प्रमुख अरविंद) केजरीवाल और उनकी कंपनी मेरे पीछे क्या कहने वाली है? मैं पंजाब के लोगों को बताना चाहता हूं कि हमने जो पहले कहा था वो किया है।”
शाह ने कहा कि मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों को जेल भेजा जाएगा और पंजाब की माताओं से भाजपा का यह वादा है कि दिसंबर 2029 के बाद राज्य में युवाओं को मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाला कोई नहीं होगा। शाह ने लोगों से “अक्षम” आप सरकार को हटाने का आग्रह किया और कहा, “दो वर्षों के भीतर, हम नशे के खतरे को खत्म कर देंगे”।
उन्होंने आरोप लगाया कि वीरों की भूमि पंजाब, किसानों की भूमि, खिलाड़ियों की भूमि, उस “रंगीला” पंजाब को उन्होंने “चिट्टा” के रंग में रंग दिया है।”
पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान हुई मादक पदार्थों की बरामदगी से तुलना करते हुए, शाह ने कहा कि 2004 से 2014 तक 26 लाख किलोग्राम “चिट्टा” जब्त किया गया था और 2014 से 2024 तक, जब मोदी सरकार सत्ता में है, 1.2 करोड़ किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए गए। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मान सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में एक के बाद एक घोटाले हो रहे हैं। उन्होंने उनमें से कुछ के नाम बताए – मोगा आउटडोर मीडिया विज्ञापन “घोटाला”, अमृतसर स्मार्ट सिटी “घोटाला”, जालंधर स्मार्ट सिटी “घोटाला”, बरनाला ट्रक यूनियन भूमि “घोटाला”, पंचायत निधि “घोटाला” और आंगनवाड़ी पंजीरी “घोटाला”।
शाह ने दावा किया कि आप सरकार विज्ञापनों पर सालाना 785 करोड़ रुपये खर्च करती है। उन्होंने कहा, “मैं आज भगवंत मान से पूछने आया हूं कि आपके वादों का क्या हुआ? आपने 25 लाख नौकरियां देने, 1.25 लाख खाली पदों को भरने का वादा किया था।
क्या हुआ? कुछ भी नहीं हुआ।”
शाह ने कहा कि भाजपा किसानों की समस्याओं का समाधान ढूंढेगी और पंजाब की वित्तीय स्थिति को ठीक करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को वोट देने का मतलब पूरी तरह नशा-मुक्त पंजाब के लिए वोट देना है।
आप नेताओं को निशाना बनाते हुए, शाह ने लोगों से पूछा कि क्या दिल्ली में शराब घोटाले में पकड़े गए लोग पंजाब को नशा-मुक्त बना सकते हैं। उन्होंने लोगों से राज्य में भाजपा को शासन करने का मौका देने का अनुरोध करते हुए कहा, “आपने सभी को देखा है।

