मुरैना के बड़ी गांव में जमीन की मेड पर लकड़ी गाड़ने को लेकर दो पक्षों में बुधवार को विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट, फायरिंग और पथराव शुरू हो गया। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। घायल पक्ष का दावा है कि अंशुल तोमर के हाथ में गोली लगी है। सीता देवी और धर्मेंद्र सिंह को पत्थर और लाठी से चोट आई है। तीनों को पोरसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चार लोगों पर मारपीट और फायरिंग का आरोप घायल पक्ष ने रामपाल सिंह, बादल सिंह, रोहित सिंह और कुलदीप सिंह पर मारपीट और फायरिंग का आरोप लगाया है। बताया गया कि जमीन की मेड पर लकड़ी गाड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि इसी दौरान कट्टे से फायरिंग की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें मारपीट, पथराव और फायरिंग का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो को जांच में शामिल कर लिया है। पुलिस ने कुछ लोगों को राउंडअप किया पोरसा थाना प्रभारी जयदीप भदौरिया ने बताया कि घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। फायरिंग कट्टे से किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने कुछ लोगों को राउंडअप कर पूछताछ शुरू की है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घटना में गोलीबारी और पथराव हुआ है। घायलों को पोरसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चोट किस वजह से आई है, यह मेडिकल रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। पोरसा पुलिस ने मामला दर्ज कर कुछ लोगों को राउंडअप किया है।

