‘रिजेक्शन’ को संभालना सीखें लड़के!’, दीया मिर्जा ने पैरेंटिंग को लेकर शेयर किया पोस्ट, लड़कियों पर भी की बात

‘रिजेक्शन’ को संभालना सीखें लड़के!’, दीया मिर्जा ने पैरेंटिंग को लेकर शेयर किया पोस्ट, लड़कियों पर भी की बात

Dia Mirza On Boys Parenting: बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा (Dia Mirza) ने सोशल मीडिया पर पैरेंटिंग (परवरिश) और समाज में लड़कों के सही मार्गदर्शन को लेकर एक पोस्ट शेयर किया है। दिल्ली-NCR और देश के अन्य हिस्सों में नाबालिगों व महिलाओं के खिलाफ बढ़ते यौन अपराधों के बीच दीया मिर्जा की इस पोस्ट ने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। अभिनेत्री ने अपने 5 साल के बेटे अव्यान आजाद रेखी की परवरिश का हवाला देते हुए बेटों को सहमति (Consent), सीमाओं (Boundaries) का सम्मान और रिजेक्शन (Rejection) को स्वीकार करना सिखाने पर जोर दिया है।

Dia Mirza On Boys Parenting
दीया मिर्जा ने परवरिश को लेकर किया पोस्ट

दीया मिर्जा ने लड़कों की परवरिश को लेकर क्या लिखा?

दीया मिर्जा ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लड़कों और लड़कियों की सुरक्षा पर गहरी बात लिखी है। दीया मिर्जा ने अपनी बात रखते हुए लिखा, “लड़कियों को नुकसान से बचाने के तरीकों की जगह, हमें ऐसे लड़के तैयार करने की जरूरत है जो किसी को नुकसान न पहुंचाएं।”

इस पोस्ट के साथ लिखे लंबे और भावुक कैप्शन में अभिनेत्री ने अपने बेटे अव्यान की परवरिश के अनुभवों और सिद्धांतों को सामने रखा। दीया ने बताया कि वह हर दिन अपने बेटे को दूसरों की परवाह करने, सबका सम्मान करने, लोगों की भावनाओं को समझने और हर किसी के लिए दयालु रहने की अहमियत सिखाती हैं।

‘कंसेंट’ और सीमाओं का सम्मान सिखाना क्यों जरूरी?- दीया मिर्जा

अपनी पोस्ट में ‘कंसेंट’ (सहमति) और ‘रिजेक्शन’ (इनकार) को संभालने के मुद्दे पर जोर देते हुए दीया मिर्जा ने लिखा, “मेरे लिए अपने बेटे को यह सिखाना बेहद जरूरी है कि किसी के मना करने पर कैसी प्रतिक्रिया दी जाती है। उसे दूसरों की सीमाओं (Boundaries) का सम्मान करना आना चाहिए और यह पहचानना चाहिए कि कोई व्यक्ति कब असहज महसूस कर रहा है, भले ही वह इसे सीधे शब्दों में न कहे।”

उन्होंने आगे साफ किया कि सहमति का मतलब सिर्फ “ना” न सुनना नहीं है, बल्कि खुशी-खुशी और बिना किसी दबाव के मिली “हां” होता है। दीया ने लिखा कि किसी का मना करना न तो कोई अपमान है और न ही कोई ऐसी बात जिसे चुनौती दी जाए या जिस पर मोल-भाव किया जाए।

हर माता-पिता से दीया मिर्जा की अपील

दीया मिर्जा का मानना है कि जब तक बेटों को यह नहीं सिखाया जाएगा कि कोई भी व्यक्ति उन्हें अपना प्यार, ध्यान देने के लिए मजबूर नहीं है, तब तक समाज में सुरक्षा का माहौल नहीं बन सकता। उन्होंने आज के दौर में लड़कों की परवरिश कर रहे सभी माता-पिता से अपील की है कि वह इस दिशा में ठोस प्रयास करें। दीया के अनुसार, इसी सोच के साथ हम अपनी बेटियों के लिए एक सुरक्षित, बराबरी वाली और बेहतर दुनिया बना सकते हैं। वहीं, दीया ने अपने परिवार को लेकर भी बात की और बताया आदर-सम्मान यानी अदब उनके घर में कितनी अहमियत रखता था।

दिल्ली-NCR में घटनाओं और सुप्रीम कोर्ट के संज्ञान के बीच आई पोस्ट

दीया मिर्जा का यह भावुक संदेश ऐसे समय में आया है जब दिल्ली-NCR में हाल ही में सामने आई हैरेसमेंट की घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया है। लेडी श्री राम कॉलेज के पास आस्था कुंज पार्क में 17 साल की लड़की से दरिंदगी, स्वरूप नगर में नाबालिग से ज़बरदस्ती और ग्रेटर नोएडा से दिल्ली आ रही बस में यौन उत्पीड़न जैसे मामलों ने महिलाओं की सुरक्षा पर गहरे सवाल खड़े किए हैं।

दीया मिर्जा का वर्कफ्रंट

वहीं, वर्कफ्रंट की बात करें तो दीया मिर्जा को हाल ही में नेटफ्लिक्स सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में देखा गया था, जिसमें जिमी शेरगिल, सिद्धार्थ और अभय वर्मा जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में थे और सीरीज को समीक्षकों से काफी सराहना मिली थी। दीया जल्द ही राहुल भट्ट के साथ एक अनटाइटल्ड रोमांटिक ड्रामा में नजर आएंगी, जिसे फिल्म ‘वन्स अगेन’ का स्पिरिचुअल सीक्वल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *